अगर किसी महिला की कमर 31 इंच यानी तकरीबन 80 सेंटीमीटर से ज्यादा है तो उसे मधुमेह हो सकता है। कमर और हिप अनुपात के जरिये इसका अनुमान भी लगाया जा सकता है। यह मधुमेह के प्रमुख लक्षणों में से एक है। एम्स के डॉक्टरों का कहना है कि दिल्ली जैसे मेट्रो शहरों के युवाओं में मधुमेह का टाइप-2 भी देखने को मिल रहा है। मंगलवार को विश्व मधुमेह दिवस है।
इस पर साउथ एशियन फेडरेशन ऑफ एंडोक्राइन सोसायटी के उपाध्यक्ष डॉ. संजय कालरा का कहना है कि मधुमेह का पता चलते ही महिलाओं में मानसिक और मनोवैज्ञानिक आघात देखने को मिलते हैं। जो कि उनके लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। इसलिए जीवनशैली में बदलाव लाकर सामान्य जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए।
पढ़ें-अमर उजाला फाउंडेशन की पहल, मधुमेह के खिलाफ आज मिलेंगे हाथ से हाथ
तेजी से बढ़ रहे हैं मरीज
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की हाल ही में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में करीब 5 करोड़ मधुमेह मरीज हैं। जबकि दुनिया भर में इनकी तादाद 42 करोड़ तक पहुंच चुकी है। नेशनल हेल्थ सर्वे 2016 के अनुसार, भारतीय महिलाओं में मोटापा तेजी से बढ़ रहा है। वर्ष 2005 तक 12.6 फीसदी महिलाएं इसका शिकार थी। लेकिन अब यह आंकड़ा 20.7 फीसदी पर पहुंच चुका है।
मरीजों को पायरिया का संकट
साउथ एक्स डेंटल की वरिष्ठ डॉक्टर उन्नति गुप्ता बताती हैं कि मधुमेह मरीजों के दांतों में पायरिया फैलने की आशंका सामान्य से कई गुना ज्यादा होती है। रक्त में शुगर ज्यादा होने से मुंह में कीटाणु पनपने के लिए उपयुक्त माहौल बन जाता है।
इन बातों पर तत्काल अमल करें
ब्लड प्रेशर को कम और धूम्रपान को तुरंत छोड़ दें।
मधुमेह से पहले शुगर और कोलेस्ट्रोल को नियंत्रण में करना जरूरी है।
प्रतिदिन सुबह या शाम आधा घंटा पैदल जरूर चलें।
प्रतिदिन 8 घंटे की नींद आवश्यक है, सुबह उठते ही प्राणायाम करें।
रोजाना 8 से 10 गिलास पानी पीएं और खाली पेट बिल्कुल नहीं रहना चाहिए।
दिनभर में थोड़ी-थोड़ी देर से आहर लेते हैं, तो काफी फायदेमंद हो सकता है।