ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद के दोनों सदनों से पास हो गया है। अब इसे राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। दोनों सदनों से महिला आरक्षण बिल के पास होने के बाद पीएम मोदी गुरुवार रात राज्यसभा पहुंचे और भाजपा की महिला सांसदों के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाई। इस दौरान महिल सांसदों ने उन्हें बुके भेंटकर उनका अभिवादन किया। वहीं, राज्यसभा से भी बिल के पास होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को बधाई दी। पीएम ने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित होने के साथ हम भारत की महिलाओं के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व और सशक्तिकरण के युग की शुरुआत कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा, हमारे देश की लोकतांत्रिक यात्रा का एक ऐतिहासिक क्षण! 140 करोड़ भारतवासियों को बहुत-बहुत बधाई! नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े बिल को वोट देने के लिए राज्यसभा के सभी सांसदों का हृदय से आभार। सर्वसम्मति से इसका पास होना बहुत उत्साहित करने वाला है। इस बिल के पारित होने से जहां नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व और मजबूत होगा, वहीं इनके सशक्तिकरण के एक नए युग की शुरुआत होगी। यह सिर्फ एक कानून नहीं है, बल्कि इसके जरिए राष्ट्र निर्माण में अमूल्य भागीदारी निभाने वाली देश की माताओं, बहनों और बेटियों को उनका अधिकार मिला है। इस ऐतिहासिक कदम से जहां करोड़ों महिलाओं की आवाज और बुलंद होगी, वहीं उनकी शक्ति, साहस और सामर्थ्य को एक नई पहचान मिलेगी।
लैंगिक समानता और समावेशी शासन का शक्तिशाली संदेश...
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के राज्यसभा से भी पारित होने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी के प्रति आभार जताया और देशवासियों को बधाई दी। शाह ने ट्वीट किया, जहां चाह, वहां राह। समतामूलक शासन की राह पर आज एक ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल हुआ, जब राज्यसभा ने महिला आरक्षण विधेयक पारित कर दिया। लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करके पीएम मोदी ने दुनिया भर में लैंगिक समानता और समावेशी शासन का एक शक्तिशाली संदेश भेजा है। पीएम मोदी को मेरा हार्दिक आभार और प्रत्येक नागरिक को बधाई।
अनुराग ठाकुर ने पीएम मोदी का आभार जताया
महिला आरक्षण बिल के राज्यसभा में पास होने पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पीएम मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा, मैं सबसे पहले पीएम मोदी और सभी राजनीतिक दलों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने विधेयक का समर्थन किया। पिछले 30 वर्षों में कोई भी ऐसा नहीं कर सका, लेकिन पीएम मोदी करके दिखा दिया।
PM Modi with Women MPs
- फोटो : अमर उजाला
मोदी है तो मुमकिन है...
राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल पारित होने पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, हम बार-बार कहते थे कि 'मोदी है तो मुमकिन है', आज दोबारा उन्होंने ये साबित कर दिया। देश की करोड़ों बहनों की ओर से बहुत-बहुत बधाई।
हम सब पीएम मोदी के योगदान को याद रखेंगे...
वहीं, केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल को लाने और संसद से पारित कराने के लिए सभी ने पीएम मोदी को धन्यवाद दिया है। अब ये देश का कानून है, हम सब पीएम मोदी के योगदान को याद रखेंगे।
नए संसद भवन की इससे बेहतर शुरुआत नहीं हो सकती थी...
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, नए संसद भवन की इससे बेहतर शुरुआत नहीं हो सकती थी। आज, एक राष्ट्र के रूप में हमने महिला सशक्तीकरण के एक नए युग में प्रवेश किया है। संसद के दोनों सदनों से नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित होने के साथ, हम महिलाओं को लंबे समय से अटके उनके अधिकार प्रदान करने की दिशा में आगे बढ़े हैं। पीएम मोदी को महिलाओं को सशक्त बनाने के उनके निरंतर प्रयासों के लिए धन्यवाद।
महिलाओं की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई : शबाना
अभिनेत्री शबाना आजमी ने कहा कि महिला आरक्षण महिलाओं की वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हुई है। यह बेहद खुशी की बात है और इसकी प्रशंसा की जानी चाहिए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि यह देश की जनता के लिए गर्व की बात है। उससे भी बड़ी बात यह है कि यह बिल सर्वसम्मति से पारित हुआ। मैं प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देता हूं, उन्होंने कई बड़े फैसले लिए।
लोकतंत्र के प्रति आमजन का भरोसा बढ़ेगा : योगी
महिला आरक्षण बिल के संसद से पारित होने पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उच्च सदन राज्यसभा में सर्वसम्मति से पारित हुआ नारी शक्ति वंदन अधिनियम विकसित भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। नारी सशक्तीकरण को सुनिश्चित करता यह बिल लोकतंत्र के प्रति आमजन के विश्वास को और अधिक मजबूत करेगा।
वहीं, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि महिला आरक्षण आज के युग में नेतृत्व में बहुत बड़ा बदलाव लाएगा। महिलाओं का महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व सरकार को समस्याओं के समाधान में मदद करेगा।
हम महिलाओं के लिए अभी आरक्षण चाहते हैं...
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि नारी वंदन अधिनियम बिल को सर्वसम्मति से पारित किया जाना चाहिए था। हम सब महिलाओं के लिए आरक्षण चाहते हैं। सवाल यह है कि हम अभी चाहते हैं, लेकिन मुझे नहीं मालूम, उन्हें इसका लाभ कब मिलेगा? सरकार के मंत्री कहते हैं यह 2029 में लागू होगा, लेकिन इसे कहीं पहले लागू किया जाना चाहिए। असल मुद्दा इच्छाशक्ति का नहीं है, वे फिर से एक सपना बेचने की कोशिश कर रहे हैं।
पीएम मोदी का आज भाजपा मुख्यालय में अभिनंदन होगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में पार्टी की महिला कार्यकता अभिनंदन करेंगी। इस कार्यक्रम में दिल्ली की सभी महिला पार्षद व अन्य महिला जन प्रतिनिधियों के मौजूद रहने की भी उम्मीद है।
हम सभी के लिए जश्न का दिन है...
महिला आरक्षण बिल के संसद में पास होने पर गायिका मालिनी अवस्थी ने कहा कि यह हम सभी के लिए जश्न का दिन है। यह सपने पूरे होने जैसा लगता है। कई दशकों से मांग हो रही थी कि देश की आधी आबादी को भी लोकसभा में पूरा प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। सभी राजनीतिक दल इस बारे में बात करते थे, लेकिन इस बार मोदी सरकार ने पहल की और सभी विपक्षी दलों ने भी इसका समर्थन किया। यह भारत के स्वस्थ लोकतंत्र का संकेत है और दुनिया के लिए एक बड़ा संदेश है।
नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर...
उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने महिला आरक्षण विधेयक को संसद की मंजूरी मिलने को मील का पत्थर करार दिया। उन्होंने ट्वीट किया, यह नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में देश की यात्रा में मील का पत्थर है। सभी राजनीतिक दलों के सांसदों की भागीदारी के साथ व्यापक चर्चा के बाद, राज्यसभा ने सर्वसम्मति से नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित कर दिया।