मवेशियों को नहीं पहले महिलाओं को बचाओ: जया बच्चन
- फोटो : ANI
राज्यसभा में एक बार फिर महिला सदस्यों ने महिला आरक्षण बिल को लेकर जोरदार वकालत की। सभापति वेंकैया नायडू ने शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाने की अनुमति दी और सपा सांसद जया बच्चन के नोटिस पर चर्चा हुई। सपा सांसद जया बच्चन ने समाजवादी पार्टी के महिला आरक्षण बिल के खिलाफ होने की बातों को अफवाहें करार देते हुए कहा कि हमारी पार्टी भी बिल की पक्षधर है। सभापति वेंकैया नायडू ने इसका स्वागत किया।
बच्चन ने कहा कि महिला आरक्षण बिल का लाभ केवल शहरी और अमीर महिलाओं को न मिले इसके लिए दलित, पिछड़ा और अन्य वर्गों की महिलाओं को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। अब समय आ गया है जब दोनों सदनों में महिला सदस्यों का पर्याप्त प्रतिनिधित्व हो। कांग्रेस सांसद विप्लव ठाकुर ने कहा कि हम चाहते हैं महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलें। उन्होंने कहा कि हमारे नेता राजीव गांधी के चलते स्थानीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण और अधिकार मिल रहा है।
झरना दास वैद्य ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की बात कहती है उसे पहले महिला आरक्षण बिल लाना चाहिए। इसके अलावा चर्चा में सांसद सोनल मानसिंह, डीएमके की कनिमोझी, एआईएडीएमके की विजिला सत्यानत और शांता क्षेत्री आदि ने तत्काल बिल लाने की मांग रखी।