गुजरात के मेहसाणा जिले के कड़ी शहर में एक 25 साल की महिला ने अपने पति और सास के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। महिला स्वामीनारायण पंथ को मानने वाली है और उसने गांधीनगर में इसलिए एफआईआर दर्ज करवाई है क्योंकि उन्होंने उसे जबरन वह खाना खिलाया जिसमें प्याज और लहसुन था। उसका कहना है कि इस तरह का खाना उसकी आस्था के खिलाफ है।
एफआईआर में महिला का कहना है कि जब उसने
प्याज और लहसुन युक्त खाना खाने से मना कर दिया तो पति सहित ससुरालवालों ने उसकी पिटाई की। बाद में ससुरालवालों ने उन्हें उसकी मां से भी बात नहीं करने दी। जिसके बाद महिला ने 10 जुलाई को गांधीनगर के संतेज पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करवाई।
एफआईआर में महिला ने कहा, 'मुझे अपने भाई के दोस्त से प्यार हो गया था और हमारी चार पहले शादी हुई थी। मेरे पति कलोल में एक
चाय और पान की दुकान चलाते हैं और मैं एक निजी कंपनी में काम करती हूं। मैं पटेल समुदाय से ताल्लुक रखती हूं और मैं स्वामीनारायण पंथ को मानती हूं। मेरे पति और मेरे ससुरालवालों ने मुझे जबरन प्याज और लहसुन वाला खाना खाने पर मजबूर किया।' संतेज पुलिस का कहना है कि महिला के पति रौनक पटेल और सास को जानबूझकर चोट पहुंचाना, घरेलू हिंसा और आपराधिक धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।