महिला आरक्षण बिल एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार कांग्रेस की महिला संसदों ने संसद भवन के बाहर प्रदर्शन कर इस कानून को पारित करने की मांग की है। लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने भी संसद की कार्रवाई शुरू करने से पहले महिला सांसदों सहित देशभर की महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी। उन्होंने महिलाओं को बधाई भी बड़े ही शायराना अंदाज में दिया।
उन्होंने कहा- कल को माथे पर तिलक सा रख, आज की उंगली पकड़ चल रही है वो, उज्जवल भविष्य की ओर दिग भ्रमित को विश्व दर्शन कराने। दूसरी ओर दिल्ली महिला कांग्रेस की नेताओं ने सुबह से ही संसद के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिला आरक्षण के मुद्दे पर महिला कांग्रेस की सुष्मिता देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा।
सुष्मिता ने कहा मोदी जी वैसे तो महिलाओं के अधिकारों की बहुत बातें करते हैं लेकिन महिला आरक्षण बिल पर उन्होंने चुप्पी साध रखी है। उन्होंने आगे कहा कि मोदी जी सुनते नही हैं, महिला आरक्षण बिल लाइए। बेटियों को पढ़ाओ और बढ़ाओ के साथ साथ बेटी को सदन में लाने की भी हिम्मत भी कीजिए मोदी जी।