कर्नाटक के मेंगलुरु में गुरुवार को मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी। महिला कोटेपुरा बस स्टैंड के पास एक किराए के घर में रहती थी। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि महिला के साथ रहने वाला दिल्ली का एक युवक भी लापता है और उसका मोबाइल फोन बंद मिला है।
पुलिस के मुताबिक मृतक महिला की उम्र 35-40 साल है और उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। सूत्रों ने बताया कि उसके साथ रहने वाला नईम (30) फिलहाल फरार है। कोटेपुरा आए दंपति ने एक स्थानीय सैलून मालिक के माध्यम से किराए पर घर लिया था। दोनों ने अपना परिचय बच्चों के कपड़ों के फुटकर विक्रेता के रूप में दिया था।
आगे पुलिस ने बताया कि जब दोनों आसपास नहीं दिखे और घर का दरवाजा भी अंदर से बंद नहीं था तो एक स्थानीय निवासी ने अंदर जाकर महिला को शौचालय में मृत पाया। घटनास्थल पर चाकू भी मिला है।
फोरेंसिक और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ मौके पर पहुंच गए हैं। पता चला है कि किराए पर मकान देते समय मकान मालिक ने किराएदारों का पहचान पत्र नहीं मांगा था। सूत्रों ने कहा कि लापता व्यक्ति की पहचान घर में मिली आधार कार्ड के आधार पर की गई।