महाराष्ट्र के पुणे में सोमवार को 36 साल की एक महिला ने अस्पताल के पांचवें तल से कूदकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। अधिकारियों के मुताबिक इसी अस्पताल में महिला के बेटे का कोविड-19 का इलाज चल रहा है।
समर्थ पुलिस थाना के एक अधिकारी ने बताया कि सीमा बलानी नामक इस महिला ने रविवार को यहां अस्पताल में अपने 13 वर्षीय बेटे को भर्ती कराया था जिसे मधुमेह एवं गुर्दे की बीमारी थी और उसकी कोविड-19 जांच की रिपोर्ट का इंतजार हो रहा है। कहा जा रहा है कि तीन महीने पहले ही सीमा का पति कैंसर से मर गया था।
अधिकारी के मुताबिक, ‘यह अतिवादी कदम उठाने से पहले उसने कमरे में एक छोटा नोट लिखकर छोड़ा कि उसके बेटे की देखभाल की जाए। उसी कमरे में इस बच्चे का इलाज चल रहा है।’ उनके मुताबिक जमैका में रहने वाली महिला अपने पति के कैंसर के इलाज के लिए अपने परिवार के साथ भारत आई थी।
अधिकारी ने कहा, ‘उसके पति की तीन महीने पहले मौत हो गई। ऐसा लगता है कि महिला अपने पति की मौत और बेटे की बीमीरी से तनावग्रस्त हो गई थी।' उन्होंने कहा कि इस संबंध में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।