वंदे भारत ट्रेन में एक बार फिर से खराब खाना परोसे जाने का दावा किया गया है। आईआरसीटीसी ने मामले पर सफाई देते हुए कहा, उस रात ट्रेन 22500 के ई-वन कोच में दिए गए खाने की जांच की गई थी। जांच में खाने की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।
देश की सबसे आधुनिक और प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस के खाने की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों द्वारा लगातार शिकायतें सामने आने से व्यवस्था पर चिंता बढ़ रही है। हाल ही में एक महिला यात्री ने दावा किया कि, ट्रेन में परोसा गया लंच खाने के बाद उनके होंठ सूज गए। उन्हें गंभीर एलर्जी की समस्या हो गई। इस घटना का वीडियो और पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला चर्चा में आ गया है।
विज्ञापन
यह मामला 27 मार्च 2026 का बताया जा रहा है। जब रांची की रहने वाली आयुषी सिंह ट्रेन नंबर 22500 वंदे भारत एक्सप्रेस से वाराणसी से देवघर की यात्रा कर रही थीं। वह ई-वन कोच में सफर कर रही थीं। ट्रेन में आईआरसीटीसी द्वारा परोसा गया लंच उन्होंने और उनके दो साल के बेटे ने भी खाया। आयुषी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि, खाना खाने के कुछ ही मिनटों बाद उनके ऊपरी होंठ सूजने लगे। शरीर में एलर्जी के लक्षण दिखने लगे। उनकी हालत इतनी बिगड़ गई कि मामला गंभीर हो गया। उन्हें तुरंत मेडिकल सहायता लेनी पड़ी।
महिला ने यह भी बताया, उसी खाने को खाने के बाद उनके दो साल के बेटे को दस्त की समस्या हो गई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी सूजी हुई होंठों की तस्वीरें और डॉक्टर की मेडिकल रिपोर्ट भी साझा की। पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि यह समस्या ट्रेन के खाने की वजह से हुई। मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन में भी वंदे भारत ट्रेन में खाना खाने के बाद गंभीर एलर्जी का जिक्र किया गया है।
विज्ञापन
आईआरसीटीसी ने मामले पर सफाई देते हुए कहा, उस रात ट्रेन 22500 के ई-वन कोच में दिए गए खाने की जांच की गई थी। जांच में खाने की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। किसी अन्य यात्री की ओर से ऐसी कोई शिकायत नहीं आई। आईआरसीटीसी ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए महिला से डायरेक्ट मैसेज के जरिए पूरी जानकारी मांगी है। मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है।