पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर द्वारा प्रिया रमानी के खिलाफ दर्ज कराए गए आपराधिक मानहानि शिकायत के मामले में दिल्ली के पटियाला हाउस जिला अदालत में तीन गवाहों ने बयान दर्ज कराए। प्रिया रमानी पहली महिला थीं जिन्होंने एमजे अकबर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
अदालत ने रमानी के खिलाफ बाकी गवाहों के बयान दर्ज करने के लिए 11 जनवरी की तारीख तय की है। बता दें कि एमजे अकबर की ओर से कुल छह गवाहों के बयान दर्ज होने हैं, जिनमें से तीन के बयान आज दर्ज कर लिए गए हैं।
बता दें कि प्रिया रमानी और कई अन्य महिलाओं ने एमजे अकबर पर यौन उत्पीड़न और पत्रकारिता करियर के दौरान अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद अकबर को विदेश राज्य मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
इसके जवाब में अकबर ने प्रिया रमानी के खिलाफ दिल्ली कोर्ट में आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया था। अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि ये आरोप उनकी प्रतिष्ठा को हानि पहुंचाने के लिए लगाए जा रहे हैं।
वहीं रमानी ने कहा था कि वह अपने ऊपर लगे मानहानि के आरोपों का सामना करने के लिए तैयार हैं। रमानी ने कहा था कि सत्य ही उनकी रक्षा करेगा क्योंकि वह सच के साथ हैं।