सुनने में बेशक अटपटा सा लगे लेकिन 49 साल के टी वैंकेटया ने पिछले 16 साल से कोई छुट्टी नहीं ली है। ग्रेटर हैदराबाद म्यूनिसिपल कार्पोरेशन में सफाई कर्मी वैंकेटया लगातार शहर की सड़कों की सफाई में लगे रहते हैं। वैंकेटया हर त्यौहार पर यहां तक की अपने हर साप्ताहिक अवकाश में भी आकर यह सुनिश्चित करते हैं कि हैदराबाद की गलियां साफ हैं या नहीं।
एनडीटीवी की खबर के अनुसार वैंकेटया की इसी कर्तव्यनिष्ठा और एक कर्मचारी के तौर पर देश के प्रति उनके योगदान के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते शनिवार को उन्हें सम्मानित किया।
ग्रेटर हैदराबाद म्यूनिसिपल कार्पोरेशन में काम करने वाले वैंकेटया आज तक बिना किसी खास सम्मान और पुरस्कार के ही अपने काम को अंजाम दिए जा रहे हैं। उनके लिए अपना काम ही सबसे पहले है। वो बताते हैं कि मैं अपने काम का मजा लेता हूं, इसी के जरिए मुझे एक अच्छा नाम मिला है।
मुझे तसल्ली तब ही मिलती है जब सड़कें शीशे की तरह दमक उठती है। सड़क पर कोई कूड़ा न हो और नही कबाड़ छितरा हुआ हो। दो बेटों और अपने परिवार के साथ एक छोटे से मकान में रहने वाले वैंकेटया को उनके साथी कभी कभार छुट्टी लेने के लिए भी कहते हैं। वो बताते हैं कि तुम छुट्टी क्यों नहीं लेते क्या यह तुम पुरस्कार के लिए करते हो, उनकी इस बात पर मैं हंसने लगता हूं।