तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के एलान के साथ ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच बुधवार को अभिनेता-राजनेता और टीवीके पार्टी के प्रमुख विजय ने मामल्लापुरम (चेन्नई के पास) में आयोजित एक इफ्तार कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आगामी चुनावों में एनडीए के साथ गठबंधन की अटकलों पर विराम लगा दिया।
विजय ने स्पष्ट तौर पर उन अटकलों को खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि उनकी पार्टी किसी बड़े गठबंधन, खासकर एनडीए के साथ बातचीत कर रही है। उन्होंने बिना किसी गठबंधन का नाम लिए कहा कि यह सब झूठा प्रचार है।विजय ने कहा कि कुछ दावों के कारण पार्टी कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हुई थी। उन्होंने कहा, यह प्रचार किया गया कि टीवीके किसी गठबंधन की ओर जा रही है, जिससे हमारे कैडर भ्रमित हुए। लेकिन इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
‘बी टीम’ आरोपों को भी किया खारिज
इफ्तार कार्यक्रम में विजय ने राजनीतिक दलों के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उनकी पार्टी किसी की 'बी टीम' नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा, टीवीके किसी दल की बी टीम नहीं, बल्कि जनता की टीम है।
धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय पर जोर
विजय ने अपने संबोधन में पार्टी की वैचारिक लाइन भी साफ की। उन्होंने कहा कि टीवीके धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं करेगी।