थोड़ी देर बाद हटाए दोनों वीडियो, अपलोड किया नया वीडियो
ट्विटर पर जारी किए गए विंग कमांडर अभिनंदन के दोनों वीडियो थोड़ी देर बाद ही हटा लिए गए। माना जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना ने यह काम अपने ऊपर जिनेवा समझौते के उल्लंघन का आरोप लगने के डर से किया। इस समझौते के तहत युद्धबंदी को अपमानित तरीके से सार्वजनिक तौर पर पेश नहीं किया जा सकता। इन वीडियो को हटाने के कुछ घंटे बाद पाकिस्तानी सेना ने एक नया वीडियो अपलोड किया। करीब 1.19 मिनट के इस वीडियो में अभिनंदन को चाय पीते हुए दिखाया गया है।
अभिनंदन के चेहरे से खून साफ कर दिया गया था, लेकिन उनके चेहरे पर चोट लगी थीं और आंखें सूजी हुई थीं। इस दौरान भी अभिनंदन पूरे संतुलन के साथ बेखौफ तरीके से सवालों का जवाब देते दिखाई दे रहे थे। उन्होंने अधिकतर सवालों का जवाब बड़ी ही विनम्रता के साथ देने से मना किया। वीडियो में जब सवाल पूछने वाले ने उनसे चाय के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, यह शानदार है।
अभिनंदन एक अच्छे वक्ता भी माने जाते हैं। उनको मिग 21 उड़ाने का बड़ा शौक है। अभिनंदन की पत्नी भी एयर फोर्स में स्क्वाड्रन लीडर के पद पर रह चुकी हैं। एयर फोर्स में ये पद अफसर रैंक का होता है। अभिनंदन के पिता का नाम एस वर्धमान है। वह भी एयरफोर्स का हिस्सा रहे हैं और कोई छोटी-मोटी पोस्ट नहीं, एयर मार्शल रहे हैं।
वह 2017 में आई मणि रत्नम की फिल्म कातरू वेलियिदई में कंसल्टेंट भी रहे, जिसकी कहानी 1999 करगिल वॉर में पाकिस्तान में फंसे एक पायलट की थी और अब नियति देखिए, उनके लड़के अभिनंदन ही पाकिस्तान की कैद में हैं। इस फिल्म के एक्टर रहे कार्थी ने भी अभिनंदन की सकुशल वापसी की बात कहते हुए ट्वीट किया है।