एजेंसी/जगदलपुर/हैदराबाद/नई दिल्ली। भाजपा शासित गुजरात द्वारा गोहत्या पर कानून सख्त करने के एक दिन बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने एलान किया कि हम गोहत्या करने वालों को फांसी पर लटका देंगे। शनिवार को उन्होंने यहां जगदलपुर में कहा, ‘क्या छत्तीसगढ़ में ऐसा हो रहा है? मुझे नहीं लगता कि भाजपा के शासन में पिछले 15 साल में ऐसा हुआ है। अगर किसी ने ऐसा करने की जुर्रत की तो हम गाय को मारने वाले को फांसी पर लटका देंगे।’
वह यूपी में योगी आदित्यनाथ द्वारा गोहत्या पर कड़ा रुख अपनाए जाने से संबंधित सवालों का जवाब दे रहे थे। गाय, भैंस, बैल, बछड़े को मारना और उनका मांस अपने पास रखना छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित है। इसे दूसरे राज्यों में ले जाना और निर्यात करने पर भी रोक है। ऐसा करने वालों को सात साल की जेल और 50 हजार रुपये के जुर्माने का प्रावधान है।
दरअसल, गुजरात देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जिसने गोहत्या के लिए आजीवन कारावास की सजा का सख्त प्रावधान किया है। गुजरात विधानसभा ने शुक्रवार को पशु संरक्षण (संशोधन) विधेयक को पास कर दिया। बीफ रखने अथवा बेचने पर भी दस साल की सजा होगी। गुजरात में गोहत्या पहले से ही प्रतिबंधित है।
इस बीच, एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने बीफ बैन को लेकर भाजपा को ‘पाखंडी’ कहा है। ओवैसी ने कहा कि भाजपा उत्तर पूर्वी राज्यों में इस तरह का प्रतिबंध नहीं लगाएगी। भाजपा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि ‘यूपी में गाय मम्मी है और पूर्वोत्तर में यम्मी है। यह भाजपा के पाखंड को दर्शाता है। वह यूपी में बीफ पर रोक लगाती है लेकिन पूर्वोत्तर में ऐसा नहीं करती।’ ओवैसी ने कहा, ‘पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वहीं भाजपा शासित गोवा में भी बीफ आसानी से उपलब्ध है। आप मुझे बताइये ये क्या है।’
ओवैसी का जवाब देते हुए भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा, ‘ये मम्मी-यम्मी क्या है। ओवैसी कहते हैं कि उन्हें भारत के संविधान पर विश्वास है। संविधान के अनुच्छेद 48 के तहत गोहत्या निषेध है। उन्हें जो कुछ कहना है, कहने दीजिए क्योंकि उन्हें संविधान के कुछ अनुच्छेदों पर विश्वास नहीं है।’