तमिल फिल्मों के सुपरस्टार धनुष रविवार को चेन्नई में अपने फैन क्लब की महिला विंग के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। एक निजी कॉलेज में होने वाली इस बैठक को लेकर उनके प्रशंसकों में काफी उत्साह है। वहीं, हाल के दिनों में उनके फैन क्लब में हुए बदलावों के बाद धनुष के राजनीति में आने की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
फैन क्लब को दिया नया रूप
धनुष के प्रशंसक संगठन का नाम पहले 'धनुष नरपनी मंद्रम' था, जिसे अब बदलकर 'धनुष नरपनी इयक्कम' कर दिया गया है। संगठन को अब एक कल्याणकारी आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी है। हाल ही में कोयंबटूर में हुई पदाधिकारियों की बैठक में इस बदलाव को औपचारिक रूप दिया गया। इसका मकसद प्रशंसकों को एकजुट कर समाजसेवा से जुड़े कामों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाना बताया जा रहा है।
नए लोगो के साथ संगठन की नई शुरुआत
संगठन ने अपना नया लोगो भी जारी किया है। इसमें धनुष हाथ जोड़कर खड़े नजर आ रहे हैं। उनके पीछे एक बड़ा लाल सितारा बना है, जबकि पूरी तस्वीर को लाल और सफेद रंग के गोल घेरे में रखा गया है। संगठन के इस नए स्वरूप को उनके प्रशंसकों के बीच एक नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
क्या राजनीति में उतरेंगे धनुष?
धनुष ने अभी तक राजनीति में आने या अपनी पार्टी बनाने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, फैन क्लब को एक संगठित कल्याणकारी आंदोलन में बदलने के बाद तमिलनाडु में इस बात को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि अभिनेता भविष्य में राजनीति का रुख कर सकते हैं। फिलहाल, संगठन का जोर सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियों पर बताया जा रहा है। ऐसे में रविवार की बैठक पर भी लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
बारिश के बीच भी फैंस का उत्साह कम नहीं
चेन्नई में भारी बारिश के बावजूद धनुष की महिला प्रशंसक उनसे मिलने के लिए पहुंचीं। विल्लीवाक्कम से आईं सोफिया ने पीटीआई वीडियो से बातचीत में बताया कि उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन बारिश में आने की सबसे बड़ी वजह धनुष को करीब से देखना था। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि अभिनेता बैठक में क्या बात करेंगे, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि उनकी बातें उपयोगी होंगी।
ये भी पढ़ें:
जयशंकर की दो टूक: आतंकवाद को पालने वाले देशों पर कसे शिकंजा, युद्ध नहीं बातचीत से निकलेगा शांति का रास्ता
पहली बार सामने से देखेंगे अपना पसंदीदा सितारा
पेरम्बूर की हन्ना ने बताया कि उन्होंने धनुष की कई फिल्में देखी हैं, लेकिन पहली बार उन्हें सामने से देखने का मौका मिल रहा है। इसे लेकर वह बेहद उत्साहित हैं। वहीं, त्रिप्लिकेन की भानुप्रिया ने कहा कि वह बचपन से ही धनुष की फिल्मों की प्रशंसक रही हैं और उन्हें देखने के लिए काफी समय से उत्सुक थीं। फिलहाल, इस बैठक को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। अब देखना होगा कि धनुष महिला विंग के सदस्यों से बातचीत के दौरान किन मुद्दों पर अपनी बात रखते हैं।