कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने ये भी साफ कर दिया है कि वह इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। येदियुरप्पा ने अपनी उम्र का हवाला देते हुए इसका एलान किया।
कर्नाटक में चुनाव की तारीखों का एलान होते ही सियासत गर्म होने लगी है। उम्मीदवारों के नामों को लेकर भी चर्चा तेज है। इस बीच, सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता बीएस येदियुरप्पा ने अपने बेटे को लेकर बड़ा संकेत दे दिया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ अपने बेटे विजयेंद्र को मैसूर के वरुणा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने का संकेत दिया। येदियुरप्पा के इस संकेत ने सियासी गलियारों में हलचल तेल कर दी है। माना जा रहा है कि कर्नाटक में लिंगायत वोटर्स के बीच अपनी पकड़ को मजबूत करने के इरादे से भाजपा ने ये चाल चली है।
विज्ञापन
क्या बोले येदियुरप्पा?
दरअसल, गुरुवार को बीएस येदियुरप्पा मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उनसे सवाल पूछा गया कि क्या उनके बेटे विजयेंद्र को वरुण निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा जाएगा? इसपर पूर्व सीएम ने ऐसी संभावना से इनकार नहीं किया। कहा, 'बातचीत चल रही है, यह केंद्रीय नेतृत्व के फैसले पर निर्भर करता है। लेकिन हम एक मजबूत उम्मीदवार चुनेंगे और (कांग्रेस को) कड़ी टक्कर देंगे। देखते हैं क्या होता हैं।'
येदियुरप्पा ने यह भी कहा कि भाजपा आगामी महत्वपूर्ण विधानसभा चुनाव स्पष्ट बहुमत से जीतेगी। हम कर्नाटक में पूर्ण बहुमत हासिल करने जा रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में, हम सत्ता में वापस आएंगे। कांग्रेस भ्रष्ट है इसलिए 40 फीसदी कमीशन का झूठा आरोप लगा रही है, मतदाताओं पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे येदियुरप्पा
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने ये भी साफ कर दिया है कि वह इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। येदियुरप्पा ने अपनी उम्र का हवाला देते हुए इसका एलान किया। कहा, 'मैंने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। सीएम पद से भी इसलिए इस्तीफा दिया था क्योंकि मैं पहले ही 80 साल की उम्र पार कर चुका हूं। भले ही मैं 80 साल से अधिक हो गया हूं, मैं इस बार ही नहीं बल्कि अगली बार भी राज्य में घूमूंगा। हम देखेंगे कि न केवल इस बार बल्कि अगली बार भी हमें बहुमत मिले।'
येदियुरप्पा ने आगे कहा, 'हमें कर्नाटक में पूर्ण बहुमत मिलने जा रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में, हम सत्ता में वापस आएंगे। कांग्रेस भ्रष्ट है इसलिए 40% कमीशन के झूठे आरोप लगा रही है, मतदाता में ये कोई मुद्दा नहीं है।'
10 मई को चुनाव, 13 मई को आएंगे नतीजे
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान बुधवार को हुआ। राज्य में 10 मई को मतदान होना है। 13 मई को इसके नतीजे आएंगे। राज्य में 224 सदस्यीय विधानसभा है। कर्नाटक में इस वक्त भाजपा की सरकार है। चुनाव आयोग के अनुसार, इस चुनाव में कुल पांच करोड़ 21 लाख 73 हजार 579 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2.59 करोड़ महिला, जबकि 2.62 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य में कुल 9.17 लाख मतदाता ऐसे होंगे, जो पहली बार वोट डालेंगे। इनकी उम्र 18 से 19 साल के बीच है।