कश्मीर तक वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन की तारीख फिर टल गई है। चार माह में यह तीसरी बार है कि जब कश्मीर तक ट्रेन का उद्घाटन की तारीख को बदला गया है। अब जम्मू कश्मीर के लोगों के साथ पर्यटकों को इस ट्रेन के शुरू होने का इंतजार है। सूत्रों का कहना है कि, पीएमओ से चर्चा के बाद जल्द ही रेलवे वंदे भारत एक्सप्रेस की तारीख की घोषणा करेगा।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 19 अप्रैल की जम्मू-कश्मीर यात्रा प्रस्तावित थी। वे इस दौरान बहुप्रतिक्षित कटड़ा-श्रीनगर वंदे भारत रेल सेवा और उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना का उद्घाटन करने वाले थे लेकिन खराब मौसम के चलते इसे टाल दिया गया है। रेलवे ने भी दौरा स्थगित होने के पीछे मौसम का हवाला दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, 18-19 अप्रैल को कटड़ा और उसके आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है। इस संबंध में रेलवे के कश्मीर के चीफ एरिया मैजेनर साकिब यूसुफ यत्तू ने कहा कि, प्रधानमंत्री का दौरा फिलहाल टल गया है, नई तिथि के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। उम्मीद है यह दौरा जल्द होगा।
इस प्रोजेक्ट के उद्घाटन की तारीख पहले भी बदल गई है। 8 जनवरी 2025 को रेलवे ने कश्मीर तक ट्रेन का अंतिम निरीक्षण किया गया। इसके बाद रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने कश्मीर तक ट्रेन चलाने को हरी झंडी दिखा दी। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि 26 जनवरी को कश्मीर तक ट्रेन का संचालन शुरू हो जाए। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद 12 फरवरी को रेलवे के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 फरवरी, 2025 को श्रीनगर के लिए चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। लेकिन दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शपथ समारोह के कारण पीएम मोदी का यह दौरा भी टल गया। इसके बाद 19 अप्रैल उद्घाटन की तारीख निश्चित की गई। लेकिन खराब मौसम या किसी अन्य वजह से एक बार फिर कश्मीर तक ट्रेन का सपना अधर में रह गया। अब कब नई तारीख की घोषणा होगी, लेकिन इसकी फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है।
इस तरह से ट्रेन को किया गया है डिजाइन
कटरा और श्रीनगर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को विशेष रूप से एंटी-फ्रीजिंग सुविधाओं के साथ डिजाइन किया गया है। चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) द्वारा निर्मित, यह नई वंदे भारत ट्रेन शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस कम तापमान वाली बेहद ठंडी परिस्थितियों में भी आसानी से चल सकती है। यात्रियों और चालकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए, ट्रेन को उन्नत हीटिंग सिस्टम से सुसज्जित किया गया है।
ट्रेन की सुरक्षा विशेषताओं में सीसीटीवी कैमरे और इमरजेंसी टॉक बैक यूनिट शामिल हैं। ट्रेन में शैटरप्रूफ खिड़कियां हैं और चालक की विंडशील्ड एक विशेष एंटी-फ्रॉस्ट सिस्टम से सुसज्जित है जो स्पष्ट दृष्टि क्षेत्र की अनुमति देती है। कश्मीर के लिए ट्रेन पर्यटन, बागवानी, कृषि, उद्योग, शिक्षा और औसत कश्मीरी को बढ़ावा देगी। ट्रेन सभी मौसम में निर्बाध संपर्क प्रदान करेगी और आने वाले दिनों में घाटी से माल की ढुलाई बहुत सस्ती हो जाएगी। रेलवे कटड़ा रेलवे स्टेशन से श्रीनगर के बीच दो वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन करेगा।ये ट्रेन रियासी, संगलदान, बनिहाल, काजीगुंड, अनंतनाग से होते हुए श्रीनगर तक पहुंचेगी।
यात्रियों को देना पड़ सकता है इतना किराया
कटरा से श्रीनगर के बीच चलने वाली कश्मीर स्पेशल वंदे भारत ट्रेन देश के अन्य हिस्सों में चल रही वंदे भारत ट्रेनों से बिल्कुल अलग होगी। इस स्पेशल ट्रेन को मौसम और जरूरतों के हिसाब से डिजाइन किया गया है। यह विशेष ट्रेन -30 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी बिना किसी परेशानी के आवागमन कर सकेगी। इस पूरी ट्रेन के सभी कोच चेयर कार के हैं, जिन्हें सामान्य चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास चेयर कार में बांटा गया है। इस ट्रेन का किराया क्या होगा। इसे लेकर रेलवे ने कोई घोषणा नहीं की है। सूत्रों का कहना है कि, इस रूट पर एसी चेयर कार के लिए किराया 1500 रुपये से 1700 रुपये के बीच हो सकता है। जबकि एक्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए यात्रियों को 2400 रुपये से 2600 रुपये के बीच भुगतान करना पड़ सकता है। ट्रेन का उद्घाटन होते ही किराए का ऐलान और सीटों की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी। या इससे कुछ दिन पहले ही बुकिंग भी शुरू होने की संभावना है।