प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के पहले पीएम हैं, जो इजरायल की यात्रा करेंगे। पीएम की इस यात्रा को ऐतिहासिक माना जा रहा है। लोगों का मानना है कि पीएम की इस यात्रा के बाद दोनों के संबंध नई ऊंचाई पर पहुंचेंगे। हालांकि इस बात का अंदाजा किसी को भी नहीं है कि ये नई ऊंचाई किस प्रकार की होगी।
दोनों देशों के बीच राजनैतिक संबंध 1992 में स्थापित हुए थे। तब से अब तक किसी भी प्रधानमंत्री ने इजरायल की यात्रा नहीं की। पीएम मोदी दोनों देशों के बीच राजनैतिक संबंध स्थापित होने के बाद 25 सालों में इजरायल की यात्रा करने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे। वहीं 14 साल पहले इजरायल के प्रधानमंत्री एरियल शेरोन भारत की यात्रा पर आए थे।
पीएम की इस यात्रा से दोनों देशों को लाभ होने वाला है। गौरतलब है कि भारत में प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से लेकर पीएम मोदी तक सभी ने एक संतुलित रवैया अपनाया है।
1992 से लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही इजरायल के साथ रक्षा और व्यापार दोनों प्रकार के संबंध विकसित किए हैं। लेकिन इस यात्रा को ऐतिहासिक बताया अभी थोड़ी जल्दी होगी। क्योंकि यह भी अभी साफ नहीं कि पीएम मोदी इस संबंध को कहां ले जाना चाहते हैं।