ओलंपिक में भारत की ओर से दो पदक जीतने वाले चर्चित पहलवान सुशील कुमार ने नरसिंह यादव और डोपिंग के मुद्दे पर कहा है कि ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारतीय कुश्ती ऐसी स्थिति से गुजर रही है।
रियो ओलंपिक से ठीक पहले डोपिंग विवाद के कारण पहलवान नरसिंह यादव पर सवाल उठे हैं। सुशील ने ट्विटर पर लिखा है कि उन्होंने अपना जीवन कुश्ती को दिया है और वो हमेशा अपने साथी पहलवानों का समर्थन करते रहेंगे।
ट्विटर पर पोस्ट किए अपने वीडियो संदेश में सुशील कुमार ने कहा, "ओलंपिक में दो पदक लाने के बाद मन था कि तीसरा पदक देश के लिए लाऊँ। पिछले एक महीने से मैं ओलंपिक की तैयारियों से दूर हूँ। अब अपने साथी पहलवानों को सपोर्ट करता हूँ और उम्मीद करता हूँ कि वे ओलंपिक में देश के लिए पदक लाएँ।"
हालांकि एक दिन पहले सुशील कुमार ने इस मुद्दे पर ट्वीट किया था और लिखा था- 'सम्मान उनके लिए होता है जो इसे कमाते हैं उनके लिए नहीं जो इसे मांगते हैं।' इस पर लोगों ने काफी नाराजगी जताई थी। अब सुशील कुमार साथी पहलवानों के समर्थन में सामने आए हैं।
नरसिंह यादव के खिलाफ कोर्ट गए थे सुशील कुमार
नरसिंह यादव
- फोटो : Getty
नरसिंह यादव ने सुशील कुमार की जगह 74 किलोग्राम वर्ग में रियो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया है। लेकिन पिछले दिनों नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) ने उन्हें प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का दोषी पाया है।
हालांकि नरसिंह का कहना है कि उनके खिलाफ साजिश हुई है। रियो ओलंपिक के 74 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कौन करेगा, इस मामले को लेकर सुशील कुमार कोर्ट भी गए और उन्होंने नरसिंह यादव के साथ ट्रायल की मांग भी की। लेकिन अदालत ने उनकी मांग नहीं मानी।
लव यू सुशील भाई, आप ओलंपिक जाते तो गोल्ड पक्का
नरसिंह यादव
- फोटो : getty
सुशील के ताजा ट्वीट पर लोगों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। मेलविन नोरोन्हा ने ट्विटर हैंडल @melwynnoronha से लिखा है- ये शर्मनाक है। पहले आपने कोटा पर दावा किया, जिसमें आखिरकार नरसिंह जीते। लेकिन एक दिन पहले इस मुद्दे पर अपना बयान पोस्ट करने के बाद अब आप भोले बनने की कोशिश कर रहे हैं।
सुशील यादव (@ahirsushil) ने लिखा है- लेकिन आपका पहले वाला ट्वीट काफी बचकाना था। नरसिंह ओलंपिक एसोसिएशन नहीं हैं। लेकिन सुरेश ने ट्विटर हैंडल @jaamkaay1 से लिखा है- सुशील भाई, मैं आपका सपोर्ट करता हूँ। मैं आपके साथ हूँ। आखिरी फैसला आने दीजिए। करण शर्मा (@Karansharma1230) लिखते हैं- लव यू सुशील भाई। आप ओलंपिक जाते तो गोल्ड पक्का था। अब देखो क्या होता है। लेकिन हम आपके साथ हमेशा हैं।