सार
ममता बनर्जी ने परिसीमन विधेयक को खराब बताते हुए महिला आरक्षण पर अपनी पुरानी लड़ाई याद दिलाई। उन्होंने लोकसभा में अपने साथ हुई मारपीट का जिक्र किया, जहां समाजवादी पार्टी के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज से उनकी हाथापाई हुई थी। ममता ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है। आखिर परिसीमन के विरोध में उन्होंने 25 साल पुरानी घटना क्यों याद दिलाई? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...
लोकसभा में किस सांसद से भिड़ गई थीं ममता बनर्जी?
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
परिसीमन विधेयक को लेकर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रस्तावित विधेयक को खराब बताते हुए कहा कि कोई भी यह नहीं बता सकता कि 2051 तक कौन जीवित रहेगा। ममता ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपनी पुरानी लड़ाई का जिक्र किया और लोकसभा में अपने साथ हुई मारपीट की घटना याद दिलाई। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है। माना जा रहा है कि परिसीमन बिल को लेकर कल फिर इंडिया ब्लॉक की बैठक हो सकती है।
ममता बनर्जी ने परिसीमन विधेयक को खराब क्यों बताया?
ममता बनर्जी ने कहा कि परिसीमन विधेयक अच्छा नहीं है। उन्होंने 2051 तक की अवधि का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि कोई कैसे कह सकता है कि उस समय तक लोग जीवित भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति के लिए सबसे ज्यादा लड़ाई उनकी पार्टी ने लड़ी है। ममता ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि अब इस मुद्दे को किस तरह पेश किया जा रहा है।
ममता ने लोकसभा में मारपीट की कौन-सी घटना याद दिलाई?
ममता ने अपने सांसद रहने के दौरान लोकसभा में हुई एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय उनके साथ सदन के भीतर मारपीट हुई थी और उन्होंने उस घटना का वीडियो फुटेज निकालकर देखने की बात कही। यह घटना उस समय हुई थी, जब महिला आरक्षण विधेयक को लेकर लोकसभा में हंगामा हुआ था। सदन में समाजवादी पार्टी के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज और ममता बनर्जी के बीच हाथापाई हुई थी।
लोकसभा में उस दिन क्या हुआ था?
घटना के दौरान लोकसभा अध्यक्ष गंटी मोहन चंद्र बालयोगी सदन में प्रवेश कर रहे थे। महिला आरक्षण विधेयक पेश किए जाने की संभावना के बीच अलग-अलग दलों की महिला सांसद सदन के बीचोंबीच एक तरफ जुटी थीं, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक मोर्चा के सदस्य दूसरी तरफ मौजूद थे। इसी दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज अध्यक्ष के आसन की ओर बढ़ने लगे। उन्हें रोकने के लिए ममता बनर्जी ने उनका कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच हाथापाई हुई और सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
ममता और सपा सांसद ने एक-दूसरे पर क्या आरोप लगाए थे?
घटना के बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर हमला शुरू करने का आरोप लगाया था। ममता बनर्जी ने कहा था कि सरोज ने उन्हें लात मारी, जबकि सरोज ने आरोप लगाया था कि ममता ने उनका कॉलर पकड़कर मुक्का मारा। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत कर ममता के खिलाफ कार्रवाई और उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग की थी। मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में सपा प्रतिनिधिमंडल ने भी अध्यक्ष से मुलाकात की थी। ममता ने कहा था कि उनका इरादा हमला करने का नहीं था, बल्कि वह सरोज को अध्यक्ष के आसन की ओर जाने से रोकना चाहती थीं।