फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराधिकार विवाद: एक दलाई लामा, दो दावेदार पक्ष! चयन को लेकर चीन और गादेन फोडरंग ट्रस्ट के बीच क्या है विवाद?

Sat, 28 Nov 2026 08:31 AM IST
संकल्प प्रकाश सिंह स्पेशल डेस्क, अमर उजाला

सार

14वें दलाई लामा के उत्तराधिकारी को लेकर चीन और अमेरिका के बीच कूटनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। आखिर 15वें दलाई लामा को चुनने का अधिकार किसे मिलेगा और इस पूरे मामले में भारत की क्या भूमिका है?
विज्ञापन
Who Will Choose the 15th Dalai Lama - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दलाई लामा के उत्तराधिकारी को लेकर आने वाले समय में चीन और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ सकता है। दरअसल 14वें दलाई लामा की उम्र 91 साल है और उनके उत्तराधिकारी की पहचान को लेकर पहले से ही विवाद चला आ रहा है। अब अमेरिका के एक द्विदलीय संसदीय सलाहकार आयोग ने अपनी 2026 की रिपोर्ट में सिफारिश की है कि अगले दलाई लामा की पहचान करने का अधिकार केवल गादेन फोडरंग ट्रस्ट को दिया जाए। आयोग का कहना है कि चीन की सरकार की ओर से चुने गए किसी भी उत्तराधिकारी को अमेरिका मान्यता न दे।

विज्ञापन


इस रिपोर्ट में यह भी आशंका जताई गई है कि चीन दलाई लामा के उत्तराधिकार के मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय विवाद में बदल सकता है और अपनी पसंद का उत्तराधिकारी स्थापित करने की कोशिश कर सकता है। इतना ही नहीं अमेरिकी आयोग ने इस मुद्दे पर संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के बीच तैयारी करने का सुझाव भी दिया है। रिपोर्ट में भारत को इस पूरे विवाद का अहम केंद्र बताया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि दलाई लामा के उत्तराधिकार का मामला इतना संवेदनशील क्यों है और इसमें भारत की भूमिका क्यों महत्वपूर्ण मानी जा रही है?

दलाई लामा का चुनाव कैसे होता है?

तिब्बती बौद्ध परंपरा के मुताबिक, किसी बड़े बौद्ध धर्मगुरु की मृत्यु के बाद उनकी आत्मा नए शरीर में जन्म लेती है। इसे पुनर्जन्म की मान्यता कहा जाता है। इसी परंपरा के तहत अगले दलाई लामा की पहचान की जाती है। वर्तमान 14वें दलाई लामा का जन्म 6 जुलाई 1935 को ल्हामो थोंडुप के नाम से हुआ था। उनका परिवार खेती-किसानी करता था और उस समय उनका जन्म चीन के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के छिंगहाई प्रांत में हुआ था। जब वह महज दो साल के थे तब तिब्बती सरकार की ओर से भेजे गए एक खोजी दल ने उन्हें 13वें दलाई लामा का पुनर्जन्म माना। दलाई लामा की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार इस फैसले के पीछे कई संकेत थे। इनमें एक वरिष्ठ बौद्ध भिक्षु को मिला सपना और बच्चे की ओर से 13वें दलाई लामा की कुछ निजी वस्तुओं को पहचानना शामिल था। इसके बाद फरवरी 1940 में ल्हासा के पोटाला पैलेस में एक धार्मिक समारोह के दौरान उन्हें तिब्बतियों का आध्यात्मिक नेता घोषित किया गया।

14वें दलाई लामा के अगले जन्म को लेकर दलाई लामा ने कई अहम बातें कही हैं। उनकी एक बात ने पारंपरिक मान्यताओं को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। गौर करने वाली बात है कि अब तक सभी दलाई लामा पुरुष रहे हैं। वहीं 14वें दलाई लामा ने यह संभावना जताई है कि उनका अगला जन्म किसी महिला के रूप में भी हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा है कि चूंकि उनका ज्यादातर जीवन तिब्बत से बाहर बीता है इसलिए उनका अगला जन्म भी तिब्बत के बाहर हो सकता है।

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

Who Will Choose the 15th Dalai Lama - फोटो : Amar Ujala
खास बात यह है कि उन्होंने अपने उत्तराधिकारी के पुनर्जन्म की पहचान और पुष्टि की जिम्मेदारी भारत में स्थापित गादेन फोडरंग ट्रस्ट को दी है। परंपरा के अनुसार किसी बड़े बौद्ध धर्मगुरु की मृत्यु से पहले उनके अगले जन्म से जुड़े कुछ संकेत मिल सकते हैं। उनकी मृत्यु के बाद वरिष्ठ बौद्ध भिक्षु सपनों, धार्मिक संकेतों और भविष्यवाणी के आधार पर नए जन्म की तलाश करते हैं। दलाई लामा के मामले में नेचुंग ओरेकल से भी मार्गदर्शन लिया जाता है। यह प्रक्रिया कुछ दिनों से लेकर कई साल तक चल सकती है। इसके बाद वरिष्ठ भिक्षु और एक अंतरिम धर्मगुरु मिलकर नए दलाई लामा की पहचान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाते हैं।

दलाई लामा के उत्तराधिकारी को लेकर क्या विवाद है?

वहीं चीन चाहता है कि अगले दलाई लामा की पहचान की प्रक्रिया में उसकी भूमिका बनी रहे। इसके लिए वह गोल्डन अर्न नाम की एक पुरानी व्यवस्था का हवाला देता है। इस तरीके की शुरुआत 1792 में चीन के किंग राजवंश के सम्राट कियानलोंग ने की थी। इसके तहत पहले पारंपरिक तरीकों से संभावित उत्तराधिकारी बच्चों की पहचान की जाती है। इसके बाद उनके नाम एक सोने के कलश में रखे जाते हैं और उनमें से पर्ची निकालकर अगले धर्मगुरु का चयन किया जाता है।

हालांकि, इतिहास में हर दलाई लामा को चुनने के लिए इस तरीके का इस्तेमाल नहीं हुआ है। तिब्बती समुदाय के कई लोग इसे अपने धार्मिक मामलों में चीन का दखल मानते हैं। उनका कहना है कि इससे उत्तराधिकारी के चयन में चीनी सरकार अपने हितों के मुताबिक प्रभाव डाल सकती है।

साल 2007 में चीन ने एक नियम बनाया, जिसके तहत कुछ पुनर्जन्म लेने वाले बौद्ध धर्मगुरुओं की पहचान में गोल्डन अर्न प्रक्रिया का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया गया। वहीं जुलाई 2025 में 14वें दलाई लामा ने साफ किया कि उनके उत्तराधिकारी की पहचान की जिम्मेदारी गादेन फोडरंग ट्रस्ट की होगी। इसके जवाब में चीन ने दोहराया कि अगले दलाई लामा का चयन गोल्डन अर्न प्रक्रिया के तहत ही होना चाहिए।

यही मतभेद अब इस उत्तराधिकार विवाद की सबसे बड़ी वजह बन गया है। इस विवाद के चलते भविष्य में दो अलग-अलग 15वें दलाई लामा सामने आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। एक की पहचान दलाई लामा का ट्रस्ट तिब्बती धार्मिक परंपराओं के आधार पर करेगा, जबकि दूसरे को चीन की सरकार मान्यता दे सकती है। 

दलाई लामा के उत्तराधिकारी को लेकर भारत की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, भारत सरकार ने इस मामले में किसी पक्ष का समर्थन करने से इनकार किया है। कुछ समय पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि भारत धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं से जुड़े मामलों में कोई रुख नहीं अपनाता। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत में सभी धर्मों को मानने की आजादी पहले की तरह जारी रहेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें