टाइमलाइन

कौन हैं समीर वानखेड़े? : रिया चक्रवर्ती, आर्यन खान समेत कई बड़ी हस्तियों को जेल पहुंचा चुके हैं, पत्नी फिल्म अभिनेत्री हैं, जानिए वानखेड़े की पूरी कहानी

रिया चक्रवर्ती से लेकर शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान तक के मामले में आपने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े का खूब नाम सुना होगा। लगातार फिल्मी हस्तियों पर कार्रवाई करने पर समीर पर महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। नवाब मलिक ने समीर की पर्सनल लाइफ को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। आइए जानते हैं कि आखिर समीर वानखेड़े हैं कौन? उनकी पारिवारिक पृष्टभूमि क्या है?
  • 1979

    समीर वानखेड़े का जन्म

    मुंबई में 14 दिसंबर 1979 को समीर वानखेड़े का जन्म हुआ था। मराठी दलित परिवार में जन्मे समीर के पिता दयानदेव वानखेड़े रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर हैं और मां जेहदा वानखेड़े गृहिणी हैं। समीर की बहन यासमीन वानखेड़े पेशे से क्रिमिनल लॉयर हैं। 
  • 2008

    IRS बने, मुंबई में तैनाती मिली

    समीर ने 2008 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सर्विसेज परीक्षा पास की। उन्हें इंडियन रेवन्यू सर्विसेज मिला। पहली तैनाती मुंबई में मिली थी। इसके अलावा उन्होंने इनकम टैक्स एयर इंटेलीजेंस यूनिट, नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी में भी कई अहम पदों की जिम्मेदारी संभाली है। 42 साल के समीर ने बीए हिस्ट्री ऑनर्स की पढ़ाई की है। 
    2010 में महाराष्ट्र सर्विस टैक्स डिपार्टमेंट के लिए काम करते हुए समीर वानखेड़े ने टैक्स चोरी को लेकर 2500 लोगों पर शिकंजा कसा था। इसमें 200 से ज्यादा बॉलीवुड के लोग शामिल थे। जिनमें कई बड़ी हस्तियां थीं। तब उन्होंने राजस्व को 87 करोड़ रुपए का फायदा पहुंचाया था। 
  • 2011

    बिना टैक्स के वर्ल्ड कप नहीं छोड़ा

    मुंबई एयरपोर्ट पर तैनाती के दौरान समीर ने कई बड़े फैसले लिए। वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम जब सोने से बना वर्ल्ड कप लेकर मुंबई एयरपोर्ट पहुंची तो उसे भी समीर ने कस्टम ड्यूटी के लिए सीज कर दिया। कस्टम ड्यूटी मिलने के बाद उसे छोड़ा।  
  • 2013

    मीका सिंह को रोक लिया था

    विदेशी मुद्राओं के साथ यात्रा कर रहे मशहूर गायक मीका सिंह को एयरपोर्ट पर समीर वानखेड़े ने ही रोक लिया था। काफी देर तक पूछताछ की और एक लाख रुपए के मुचलके पर उन्हें बेल मिली थी। एयर इन्टेलिजेंस यूनिट में काम करने के बाद समीर ने नेशनल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एनआईए) में बतौर एसपी काम किया। इसके बाद उन्हें डायरेक्टरेट ऑफ रेवन्यू इंटेलीजेंस (DRI) का जॉइंट कमिश्नर बनाया गया। 
  • 2017

    फिल्म अभिनेत्री से शादी की

    29 मार्च 2017 को समीर वानखेड़े ने मराठी अभिनेत्री क्रांति रेडकर से शादी की। क्रांति प्रकाश झा की गंगाजल जैसी हिंदी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।  इसके अलावा 22 मराठी फिल्मों में वह बतौर अभिनेत्री या फिर फिल्म डायरेक्टर के रूप में काम कर चुकी हैं। समीर और क्रांति की दो बच्चियां जायदा और जिया हैं। 
  • 2019

    एनसीबी में पहुंचते ही कई बड़ी हस्तियों पर कसा शिकंजा

    2019 में समीर वानखेड़े को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का जोनल डायरेक्टर बनाया गया। इसके बाद उन्होंने एकसाथ कई जगहों पर छापेमारी करके 1700 करोड़ रुपए के ड्रग्स को जब्त किया। कई बॉलीवुड हस्तियों से पूछताछ की। इनमें अनुराग कश्यप, विवेक ओबरॉय, राम गोपाल वर्मा जैसे बड़े नाम भी शामिल रहे। 
  • 2020

    रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया

    बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की सुसाइड के बाद बॉलीवुड में ड्रग्स का एंगल फिर सामने आया। इसके बाद समीर वानखेड़े ने सुशांत की गर्ल फ्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शौविक चक्रवर्ती को हिरासत में लिया। दोनों को एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत जेल भी भेजा। नवंबर 2020 में समीर ने ही कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति को भी ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया था। इसी साल समीर वानखेड़े समेत एनसीबी के पांच अफसरों पर ड्रग्स पेडलर्स ने हमला किया। इसमें दो  अफसर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 
  • दो अक्तूबर 2021

    आर्यन खान को गिरफ्तार किया

    समीर वानखेड़े और उनकी टीम ने मुंबई में एक क्रूज पर छापेमारी की। इसमें ड्रग्स की पार्टी करते हुए कई लोग पकड़े गए। शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान भी  इसी में शामिल रहे।