भाजपा की राज्य उपाध्यक्ष अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल दक्षिण सीट से बड़ी जीत दर्ज की है। फैशन डिजाइनर रहीं पॉल का नाम बंगाल मंत्रिमंडल में अहम जिम्मेदारी के लिए चर्चा में है। उनके खिलाफ 23 मामले दर्ज हैं, लेकिन किसी में दोष सिद्ध नहीं हुआ है।
बंगाल में भाजपा लंबे समय के बाद अपनी सरकार बनाने जा रही है। इसे के साथ आज बंगाल में शपथ ग्रहण के साथ सरकार का गठन हो गया है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं। उनके साथ चार और विधायकों ने शपथ ली है। इसमें एक नाम है अग्निमित्रा पॉल। यह भाजपा की राज्य उपाध्यक्ष हैं। पॉल ने आसनसोल दक्षिण से चुनाव जीता है। इनका नाम पहले मुख्यमंत्री के लिए चल रहा था, लेकिन अमित शाह के शुभेंदु अधिकारी के नाम के एलान के साथ इनका सीएम नहीं बनना तय हो गया। लेकिन फिर भी इनका नाम चर्चा में बना हुआ है। क्योंकि इन्हें बंगाल के मंत्री मंडल में बड़ा पद मिला है। चलिए जानते हैं कौन है अग्निमित्रा पॉल?
कौन हैं अग्निमित्रा पॉल?
51 वर्षीय नेता ने आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट पर शानदार जीत दर्ज करते हुए ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तापस बनर्जी को 40,839 मतों के बड़े अंतर से हराया। इस जीत के साथ उन्होंने क्षेत्र में भाजपा की पकड़ को और मजबूत किया है।राजनीति में सक्रिय होने से पहले अग्निमित्रा पॉल फैशन डिजाइनर के तौर पर काम कर चुकी हैं। उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके खिलाफ गैरकानूनी जमावड़ा, दंगा, हिंसक प्रदर्शन, कानूनी आदेशों की अवहेलना और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने जैसे आरोपों से जुड़े 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने से संबंधित आरोप भी शामिल हैं। हालांकि, अब तक किसी भी मामले में उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है।