कांग्रेस के अधिकृत ट्विटर हैंडल ने कुछ इस तरह राहुल गांधी के फोटो कोलॉज को किया था ट्वीट।
कांग्रेस के अधिकृत ट्विटर हैंडल से बृहस्पतिवार को पोस्ट किए गए अपने अध्यक्ष राहुल गांधी के चेहरे के विभिन्न भावों वाले फोटो कोलॉज पर तब अजब स्थिति बन गई, जब भाजपा के अधिकृत ट्विटर हैंडल ने भी इसे रिट्वीट कर दिया। साथ ही भाजपा की तरफ से लिखा गया कि हम भी इसे रिट्वीट करने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं।
दरअसल जर्मन संसद में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चेहरे को विभिन्न मुद्रा में सोचने के अंदाज में फोटो खिंचवाए थे, जिन्हें कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से एकसाथ ये लिखते हुए पोस्ट कर दिया राहुल गांधी के विभिन्न चेहरे। कांग्रेस की तरफ से इस फोटो कोलॉज को ट्वीट करने के साथ ही ट्विटर पर ट्रोलर्स सक्रिय हो गए और इस पोस्ट की जमकर आलोचना कर दी।
ट्रोलर्स ने राहुल गांधी के चेहरे के भावों की तुलना अपने-अपने अंदाज में विभिन्न वस्तुओं से की और उसे तमाम तरह के डायलॉग भी दिए। इसी बीच भाजपा के ट्विटर हैंडल से भी इसे रिट्वीट करते हुए लिख दिया गया कि वे भी रिट्वीट करने से खुद को नहीं रोक पा रहे हैं।
भाजपा के रिट्वीट करने पर भी इसे जमकर प्रतिक्रिया मिली और कुछ कांग्रेस समर्थकों ने भी विभिन्न तरीके से इस रिट्वीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने का प्रयास किया।