सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को लोकसभा में बताया कि जासूसी के शिकार हुए 121 व्हाट्सएप उपभोक्ताओं में से सिर्फ 20 का डाटा ही हैकर्स हासिल कर पाए। व्हाट्सएप जासूसी मामले में उपलब्ध जानकारियों की लगातार जांच कर रहा है। उसका अनुमान है कि हैकर्स को सिर्फ 20 उपभोक्ताओं की निजी जानकारी हासिल करने में सफलता मिली होगी।
प्रसाद ने कहा, केंद्र सरकार नागरिकों के निजता के मौलिक अधिकार की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। कानून के तहत सरकार ने सख्त नियम बनाए हैं और यह भी सुनिश्चित किया है कि प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाए। इस्राइली साफ्टवेयर पेगासस के जरिये जासूसी का खुलासा व्हाट्सएप ने खुद 20 मई को किया था जिसमें भारत के पत्रकार, मानव अधिकार कार्यकर्ताओं और अन्य हस्तियों समेत 121 उपभोक्ताओं की जासूसी होने का दावा किया गया था।
डाटा चोरी पर भी सरकार सतर्क
प्रसाद ने कहा, दुनिया भर में मोबाइल एप के जरिये डाटा चोरी की घटनाएं हो रही हैं। सरकार इनके प्रति सतर्क है और लोगों की जानकारी चुराने को बनाए गए एप पर प्रतिबंध लगाने की दिशा में काम कर रही है। कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम इंडिया (सीईआरटी-इन) लगातार इस मुद्दे पर काम कर रही है। सरकार ने ऐसी धोखाधड़ी रोकने के लिए साइबर स्वच्छता केंद्र बनाए हैं।