लगातार तीन सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। सोमवार को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की चोटियों पर बर्फबारी हुई और हरियाणा, राजस्थान समेत मैदानी क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। इस पूरे हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत में छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा होने की संभावना है। कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चलेंगी।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फरबाद, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई जगहों पर 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। कुछ जगहों पर गरज और चमक के साथ बारिश भी हुई। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, इम्फाल, विदर्भ, छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात क्षेत्र और कच्छ में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। असम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश (7-11 सेंटीमीटर) दर्ज की गई।
विभाग के अनुसार, इस सप्ताह पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत में छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 24 और 27-28 मार्च को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में छिटपुट भारी वर्षा की संभावना है। 23 से 25 मार्च के दौरान कोंकण और केरल के कुछ क्षेत्रों में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।
कुल्लू-चंबा में बारिश शिमला में ओलावृष्टि
हिमाचल प्रदेश में बदले मौसम के बीच सोमवार को रोहतांग दर्रा सहित लाहौल और मनाली की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। कुल्लू में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। राजधानी शिमला में शाम को ओलावृष्टि हुई। मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। अन्य जिलों में मौसम साफ बना रहेगा। 26 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से कई जगह बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि का यलो अलर्ट जारी हुआ है। 27-28 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है। 29 मार्च को दोबारा बादल बरसने का पूर्वानुमान है। बदले मौसम से सराज और करसोग क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। रविवार रात को ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 0.4, कुकुमेसरी में 0.8, कल्पा में 2.6, कुफरी में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बांदीपोरा-गुरेज मार्ग पर हिमस्खलन
जम्मू-कश्मीर में बांदीपोरा-गुरेज मार्ग पर सोमवार को दो बार हिमस्खलन हुआ। बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि मार्ग पर लगभग 200 मीटर लंबे और 10 फीट ऊंचे बर्फ के पहाड़ का टुकड़ा गिरा। दूसरा हिमस्खलन कोरकबाल गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर हुआ। इस वजह से सड़क पूरी तरह से बंद हो गई। घटना के तुरंत बाद बीआरओ ने अपने जवानों और मशीनरी को काम पर लगाया। प्रभावित जगहों पर 56 आरसीसी की टीमों को तैनात किया गया है। मार्ग की बहाली के लिए युद्धस्तर पर बर्फ हटाने का काम चल रहा है। वहीं, सोनमर्ग में हुई भारी बर्फबारी के बाद बंद हुआ जोजिला मार्ग सोमवार को आंशिक रूप से खोल दिया गया। हल्के वाहनों को गुजरने की अनुमति दी गई। श्रीनगर-लेह हाईवे हल्के मोटर वाहनों की एकतरफा आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है।
पंजाब में 26 से बिगड़ेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब में 26 मार्च से मौसम का मिजाज फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहला पश्चिमी विक्षोभ 26 मार्च को और दूसरा 29 मार्च को सक्रिय होगा। इनके असर से प्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
राजस्थान में कई जगह हल्की बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर समेत राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। हनुमानगढ़ जिले के भादरा में सबसे अधिक 9 मिमी बारिश दर्ज की गई। जयपुर में सोमवार सुबह से ही कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई, साथ ही बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं, जिससे तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण आने वाले दिनों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और 26 और 27 मार्च को राज्य के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।