तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। आमतला स्थित उनके कार्यालय पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद की गई टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के साइबर क्राइम विभाग में नई एफआईआर दर्ज की गई है। राजीव सरकार नाम के एक युवक की शिकायत पर अभिषेक के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कथित विवादित टिप्पणी के वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि अवैध निर्माण के आरोप में आमतला स्थित अभिषेक के कार्यालय को बुलडोजर से तोड़ा गया था। घटना के दिन पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि कार्यालय के पास भवन का प्लान समेत सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद केवल सत्ता का प्रदर्शन करने के लिए कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा था कि हर कार्रवाई की प्रतिक्रिया होती है। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर कहा, जिंदा रहा तो 2031 में ब्याज समेत सब लौटा दूंगा।
शिकायतकर्ता ने अभिषेक की इस टिप्पणी को कथित तौर पर धमकी बताते हुए साइबर क्राइम विभाग में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।