पश्चिम बंगाल में राज्य मंत्रिमंडल से तृणमूल कांग्रेस के प्रभावशाली नेता शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद एक अन्य मंत्री राजीव बनर्जी ने सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ बयान दिया है। राज्य के वन मंत्री राजीव बनर्जी ने कहा है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से करीबी संबंध रखने वालों को महत्व दिया जाता है जबकि मेहनती कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है।
अगले वर्ष अप्रैल-मई में प्रस्तावित राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा से मिल रही कड़ी चुनौती का सामना कर रही तृणमूल कांग्रेस के लिए मंत्री का यह बयान रास आने वाला नहीं है। राजीव का भाजपा में स्वागत करने के संकेत देते हुए पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, 'अगर वह गरिमा के साथ काम करना चाहते हैं, तो उन्हें पार्टी से बाहर आना चाहिए।'
बनर्जी ने शनिवार को एक कार्यक्रम में कहा, 'राजनीतिक मंच का उपयोग कई लोगों की मदद के लिए किया जा सकता है, लेकिन कुछ लोग अपने व्यक्तिगत लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए इसका उपयोग कर रहे हैं।' उन्होंने दावा किया कि राजनीति में आजकल कुछ ऐसे लोग हैं जो सत्ता का आनंद लेने के बारे में सोचते हैं, और लोगों की सेवा करना उनका लक्ष्य नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘इससे मुझे दुख होता है कि जो लोग जनता के हित में काम कर रहे हैं और सक्षम तथा मेहनती हैं, उन्हें उचित महत्व नहीं मिल रहा है, जबकि जो लोग वातानुकूलित कक्षों में बैठे हैं और सोचते हैं कि जनता को बेवकूफ बनाया जा सकता है, उन्हें सिर्फ इसलिए महत्व दिया जा रहा है क्योंकि उनके लिए जो लोग मायने रखते हैं, उन्हें वे खुश रखते हैं।’
राजीव बनर्जी के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा, ‘हमारी सरकार वातानुकूलित कक्षों में नहीं बैठती है, हमारी सरकार सेवाओं को प्रदान करने के लिए लोगों के घरों के दरवाजों तक पहुंचती है।’ वहीं, तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि यदि कोई जाना चाहता है, तो वह ऐसा कर सकता है।
उन्होंने कहा, 'केवल एक पेड़ है, ममता बनर्जी, यदि कोई उनकी छाया छोड़ना चाहता है, तो वह जाने के लिए स्वतंत्र है।’ हालांकि, राज्य के शहरी विकास मंत्री फरहाद हकीम ने कहा कि राजीव बनर्जी एक अच्छे व्यक्ति हैं और उन्होंने वन विभाग के मंत्री के रूप में कड़ी मेहनत की है। उन्होंने राजीव बनर्जी के आरोपों के बारे में कहा, 'ममता बनर्जी हर चीज पर नजर रखती हैं।'
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि राजीव बनर्जी एक अच्छे मंत्री है और किसी को भी उनके खिलाफ कोई शिकायत नहीं है। गौरतलब है कि शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल नेतृत्व के साथ मतभेदों के बाद हाल में राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें चली थीं, लेकिन अब तक ऐसा कुछ हुआ नहीं है।