तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने मंगलवार को हाल ही में पार्टी से इस्तीफा देने वाले नेता शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। पार्टी नेताओं ने दावा किया है कि अधिकारी के साथ सभी समस्याओं को हल कर लिया गया है। बता दें कि शुभेंदु अधिकारी ने बीते शुक्रवार को पार्टी और परिवहन मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद सौगत राय ने कहा है, 'शुभेंदु अधिकारी भाजपा में नहीं जा रहे हैं। यह एक बेवकूफाना अनुमान था। प्रशांत किशोर, सुदीप बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के साथ मैंने उनसे सार्थक मुलाकात की और चीजें सुलझा ली गई हैं। वह तृणमूल कांग्रेस के साथ हैं और हम मिलकर ममता को फिर जिताएंगे।'
सौगत राय ने पहले नकारी थी अधिकारी के इस्तीफे की बात
शुक्रवार को जब ये खबरें चली थीं कि अधिकारी इस्तीफा दे सकते हैं तब सौगत राय ने इस खबर को ही अफवाह करार दे दिया था। उन्होंनेकहा था कि सुभेंदु अधिकारी ने पार्टी या विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया है। हालांकि, इसके कुछ ही देर बाद शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे की आधिकारिक खबर आ गई थी।
राज्य कैबिनेट की बैठकों में शामिल नहीं हो रहे थे अधिकारी
शुभेंदु अधिकारी ने इसके साथ ही हल्दिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले बीते बुधवार को उन्होंने हुगली रिवर ब्रिज कमिश्नर के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही शुभेंदु अधिकारी पिछले कई महीनों से राज्य कैबिनेट की बैठकों में भी शामिल नहीं हो रहे थे।
अधिकारी के भाजपा में भी शामिल होने की चल रहीं अटकलें
इस्तीफे के बाद शुभेंदु के भाजपा में शामिल होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। भाजपा को उम्मीद है कि वह उसके पाले में आ जाएंगे क्योंकि विकल्प सीमित हैं। एक वरिष्ठ भाजपा नेता का कहना है कि पार्टी शुभेंदु के संपर्क में है लेकिन अभी उनके शामिल होने पर निर्णय नहीं हुआ। कुछ दिन में स्थिति साफ हो जाएगी।