पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफा देने के बाद अब विधायक जितेंद्र तिवारी ने आसनसोल नगर निगम के प्रशासक मंडल के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसी खबरें हैं कि तिवारी जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं। तिवारी ने कुछ दिन पहले ही पश्चिम बंगाल सरकार को एक पत्र लिखकर इस औद्योगिक शहर को केंद्रीय कोष से वंचित रखने का आरोप लगाया था।
इस्तीफ देते ही तोड़ दिया मेरा दफ्तर: तिवारी
जितेंद्र तिवारी ने इस्तीफा देने के बाद मीडिया से कहा कि प्रशासक का पद छोड़ने के एक घंटे के भीतर, मेरे कार्यालय को कोलकाता से मिले निर्देशों के बाद तोड़ दिया गया। ऐसे में अब उनके साथ रहना मेरे लिए संभव नहीं है। मैंने पार्टी के जिला प्रमुख (टीएमसी) के पद से इस्तीफा दे दिया है।
इधर, विधायक पद छोड़ने के एक दिन बाद गुरुवार को सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने पिछले महीने राज्य मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा दे दिया था। सूत्रों के मुताबिक, अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी को पत्र लिखकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के अपने फैसले से उन्हें अवगत कराया है।