पश्चिम बंगाल में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) भर्ती को लेकर छात्र सड़क पर उतर आए हैं। शुक्रवार सुबह छात्रों ने बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के प्रधान कार्यालय के पास जमकर प्रदर्शन किया।
पश्चिम बंगाल में शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर छात्रों और प्रशासन के बीच गतिरोध बढ़ गया है। पिछले 48 घंटे से धरने पर बैठे छात्र शुक्रवार उग्र हो गए। इस दौरान सैंकड़ों की संख्या में छात्र बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के प्रधान कार्यालय के पास इकट्ठा हो गए और जोरदार प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
उधर, छात्रों के प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने पहले से ही पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर दी थी। जैसे ही छात्रों ने प्रदर्शन शुरू किया, पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया, जिसके बाद छात्र और आक्रोशित हो गए और पुलिस व उनके बीच झड़प भी हुई।
उम्मीदवारों ने लगाया आरोप
इस दौरान एक आंदोलनकारी उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि 2014 की टीईटी भर्ती योग्यता के आधार पर नहीं की गई थी। इसलिए इंटरव्यू के दो राउंड करना सही नहीं था। बता दें कि 2014 की प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था, लेकिन उनमें से कई को इंटरव्यू के दो दौर के बाद मेरिट सूची में जगह नहीं मिली। जिसे लेकर उम्मीदवार आंदोलित हैं।