संदेशखाली में हथियार मिलने के बाद एक बार फिर पश्चिम बंगाल की राजनीति में उबाल आ गया है। भाजपा सांसद दिलीप घोष ने आरोप लगाया है कि बंगाल पर गुंडे और आतंकियों का कब्जा हो गया है। वहीं बंगाल विधानसभा में नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और दावा किया है कि संदेशखाली में मिले हथियार विदेशी हैं। शुभेंदु अधिकारी ने मांग की कि टीएमसी पार्टी को आतंकी संगठन घोषित कर देना चाहिए।
'राज्य में खुले घूम रहे गुंडे बदमाश'
भाजपा नेता और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने संदेशखाली से हथियार मिलने पर राज्य की टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि राज्य अब आतंकियों के लिए जन्नत बन गया है। दिलीप घोष ने कहा कि 'आप इसी बात से बंगाल की स्थिति का अंदाजा लगा सकते हैं, जहां चुनाव कराने के लिए सीआईएसएफ, सीआरपीएफ और बीएसएफ को लाना पड़ रहा है। विपक्षी नेताओं को भी सुरक्षा दी जा रही है। राज्य किस स्थिति में पहुंच गया है? राज्य में गुंडे बदमाश खुले घूम रहे हैं और पुलिस प्रशासन को उन्हें कैद में रखने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसा लग रहा है कि राज्य पर गुंडे और आतंकियों का कब्जा हो गया है। यह भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया है और सार्वजनिक संपत्ति को लूटा जा रहा है। इसके बावजूद टीएमसी सत्ता में बने रहना चाहती है, लेकिन आम जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ खड़ी होगी।'
दिलीप घोष ने कहा कि 'सीपीआईएम सरकार में शाहजहां शेख सड़कों पर पिस्टल लेकर घूमता था। अब टीएमसी सरकार में वह एके-47 लेकर चलता था। एक सीमाई इलाके में जिस तरह से विदेशी हथियार बरामद हुए हैं, उससे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरे का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। घोष ने ये भी आरोप लगाया कि शाहजहां शेख ने बंगाल में विभिन्न स्थानों पर रोहिंग्या शरणार्थियों को अवैध रूप से बसाया है। यह सब विदेशी मदद से किया गया।'
भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने संदेशखाली मामले पर कहा कि 'पुलिस, ममता बनर्जी के अधीन आती है, ऐसे में उनकी पुलिस क्या कर रही थी? क्या वो सो रहे थे? सीबीआई और ईडी को संदेशखाली में जाने की इजाजत नहीं दी गई थी। इन हथियारों को आतंकवाद बढ़ाने में इस्तेमाल किया जाता। बंगाल के लोग 4 जून को इसका जवाब देंगे।'
शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी और टीएमसी पर लगाए आरोप
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में सीबीआई ने बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए हैं। ये हथियार जेल में बंद टीएमसी नेता शाहजहां शेख के रिश्तेदार के ठिकाने से बरामद किए गए हैं। जब्त किए गए हथियारों में विदेशी हथियार भी शामिल हैं। इस मामले पर मीडिया से बात करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 'संदेशखाली में मिले सभी हथियार विदेशी हैं। विस्फोटक जैसे आरडीएक्स देश विरोधी गतिविधियों में इस्तेमाल हुआ। इन सभी हथियारों को अंतरराष्ट्रीय आतंकियों ने इस्तेमाल किया। आतंकियों के लिए राज्य स्वर्ग बन गया है। लोगों ने खादीकुल, एगरा में जो ट्रेलर देखा था, आज उन्होंने संदेशखाली में हथियार मिलने के साथ ही पूरी फिल्म देख ली। इस घटना के लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं और मैं मांग करता हूं कि ममता बनर्जी को गिरफ्तार किया जाए और तृणमूल कांग्रेस पार्टी को आतंकी संगठन घोषित किया जाना चाहिए।'
शाहजहां शेख के रिश्तेदार के घर से बरामद हुए हथियार
गौरतलब है कि सीबीआई ने शुक्रवार को संदेशखाली के सारबेरिया स्थित एक घर पर छापेमारी की। यह घर शाहजहां शेख के रिश्तेदार का बताया जा रहा है। इस छापेमारी में घर से भारी संख्या में हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है। छापेमारी में तीन विदेशी रिवॉल्वर, एक भारतीय रिवॉल्वर, कोल्ट कंपनी द्वारा निर्मित पुलिस की रिवॉल्वर, एक विदेशी पिस्टल, एक बंदूक, 9 एमएम की 120 गोलियां, पॉइंट 45 कैलिबर की 50 कारतूस, पॉइंट 380 के 50 कारतूस और पॉइंट 32 के 8 कारतूस बरामद किए गए हैं। सीबीआई टीम संदेशखाली में ईडी टीम पर हुए हमले की जांच कर रही है। सीबीआई टीम ने रोबोट की मदद से घर की तलाशी ले रही है। साथ ही घर में कहीं अन्य जगह पर तो हथियार नहीं छिपाए गए हैं, इसके लिए मेटल डिटेक्टर की भी मदद ली जा रही है। वहीं बंगाल सरकार संदेशखाली मामले की जांच सीबीआई से कराने के हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है।