सार
पश्चिम बंगाल में एसआईआर के बाद वोटर लिस्ट से नाम कटने के खिलाफ दाखिल अपीलों पर अब तेजी से सुनवाई हो सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने और हटाए गए नामों से जुड़ी अपीलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। करीब 22 लाख अपीलें लंबित बताई गई हैं। क्या कोलकाता के प्रभावित मतदाताओं को निकाय चुनाव से पहले राहत मिलेगी? चुनाव आयोग को अब क्या करना होगा? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...
सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को क्या निर्देश दिए?
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं, उन्हें बड़ी राहत मिल सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को अपीलीय ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है। अदालत ने साफ कहा कि वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के खिलाफ दाखिल अपीलों पर पहले सुनवाई होनी चाहिए। खासकर उन विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को प्राथमिकता दी जाए, जहां नगर निकाय चुनाव होने वाले हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को क्या निर्देश दिया?
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची तथा जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि अपीलीय ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से सलाह करे। अदालत ने अपीलों को दो अलग-अलग श्रेणियों में बांटने का निर्देश दिया है। पहली श्रेणी में उन लोगों की अपीलें होंगी, जिनके नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए हैं। दूसरी श्रेणी में उन लोगों की अपीलें होंगी, जो किसी दूसरे व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट में शामिल किए जाने को चुनौती दे रहे हैं। अदालत ने कहा कि दूसरी श्रेणी के मामलों में उतनी जल्दबाजी की जरूरत नहीं है।
कितनी अपीलें लंबित हैं और किसे मिलेगी प्राथमिकता?
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकील प्रशांत भूषण ने बताया कि करीब 38 लाख अपीलें दाखिल हुई हैं, लेकिन अब तक केवल एक लाख के आसपास मामलों का निपटारा हुआ है। उन्होंने कहा कि नाम काटे जाने के खिलाफ करीब 93 प्रतिशत अपीलों में फैसला हो चुका है और संबंधित लोगों के नाम दोबारा जोड़ने के आदेश दिए गए हैं। हालांकि, उन्होंने करीब 22 लाख अपीलें लंबित होने की बात भी कही। उनके मुताबिक, कोलकाता नगर निगम क्षेत्र में दो लाख से अधिक मतदाताओं के नाम कथित तौर पर हटाए गए हैं और उनकी अपीलों पर सुनवाई बाकी है।
कोलकाता के मतदाताओं को क्यों मिलेगी खास प्राथमिकता?
अदालत ने चुनाव आयोग को कोलकाता के अलग-अलग इलाकों में ऐसे स्थानों की पहचान करने को कहा है, जहां अपीलीय ट्रिब्यूनल बनाए जा सकें। इससे लोगों को सुनवाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और लंबित मामलों का जल्द निपटारा हो सकेगा। पीठ ने खास तौर पर कोलकाता नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मतदाताओं की अपीलों को प्राथमिकता देने की बात कही। जस्टिस बागची ने भी सुझाव दिया कि जहां चुनाव होने वाले हैं, वहां के मामलों की पहले सुनवाई की जाए। याचिकाकर्ताओं ने इन मतदाताओं को आगामी निकाय चुनाव में वोट डालने की अनुमति देने की मांग भी उठाई।
पहले से कितने ट्रिब्यूनल काम कर रहे हैं?
इस साल मार्च में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव आयोग ने 19 अपीलीय ट्रिब्यूनल बनाए थे। एसआईआर से जुड़े करीब 60 लाख दावों और आपत्तियों की जांच के लिए पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के लगभग 700 न्यायिक अधिकारियों को तैनात किया गया था। इससे पहले 25 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से लंबित और निपटाई गई अपीलों का पूरा ब्योरा मांगा था। सुनवाई में राशन जैसी दूसरी सरकारी सुविधाओं पर भी चिंता जताई गई, लेकिन पीठ ने स्पष्ट किया कि मौजूदा मामला केवल वोटर लिस्ट और एसआईआर से जुड़ी अपीलों तक सीमित है। अन्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दे हाईकोर्ट में उठाए जा सकते हैं।