ममता बनर्जी ने कहा, मैं सिर्फ आपसे बात करना चाहती थी,प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बीच आमतौर पर जिस तरह से बैठक होती है उसी तरह से, लेकिन आपने अपने दल के एक स्थानीय विधायक को भी इस दौरान बुला लिया, जबकि प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री की बैठक में उपस्थित रहने का उनका कोई मतलब नहीं है।
केंद्र के आदेश के मुताबिक, बंगाल के मुख्य सचिव अलपन बंद्योपाध्याय को सोमवार दिल्ली में केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के दफ्तर में हाजिर होना था, लेकिन ममता बनर्जी सरकार के मुख्य सचिव कोलकाता में ही मौजूद हैं। बंगाल के मुख्य सचिव अलपन बंद्योपाध्य रविवार देर शाम पश्चिम बंगाल के सचिवालय में बैठक कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक, कोलकाता के नबन्ना इलाके में बने सचिवालय में अलपन बंद्योपाध्याय के साथ उनकी पत्नी भी मौजूद थीं।
यह राज्य सरकारों से लड़ने का समय नहीं : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि यह समय राज्य सरकारों से लड़ने का नहीं बल्कि कोरोना वायरस से मिलकर निपटने का है। केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव अलपन बंद्योपाध्याय का केंद्र द्वारा अचानक तबादला करने की खबरों मद्देनजर यह बयान दिया। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ''यह समय राज्य सरकारों से लड़ने का नहीं है, सबके साथ मिलकर कोरोना वायरस से लड़ने का है। यह समय राज्य सरकारों की मदद करने का है, उन्हें टीके उपलब्ध कराने का है। यह सभी राज्य सरकारों को साथ लेकर टीम इंडिया बनकर काम करने का समय है। लड़ाई-झगड़े और राजनीति करने के लिए पूरी जिंदगी पड़ी है।''