जलपाईगुड़ी की झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग।
- फोटो : ANI
उत्तरी पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी शहर में शनिवार शाम एक झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग में एक दमकलकर्मी और एक बच्चे सहित कम से कम तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दमकल अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शहर के वार्ड नंबर 18 के राणा बस्ती में रात करीब 8 बजे लगी आग में सैकड़ों मकानों और दुकानों के जलकर खाक होने की आशंका है। कई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की आठ गाड़ियों से आग पर काबू पाया जा सका।
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार घटना के वक्त जो शहर में ही थे। उन्होंने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस आयुक्त अखिलेश चतुर्वेदी ने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। स्थानीय निवासी गुड़िया दास ने बताया कि झुग्गी के एक हिस्से से भारी धुआं उठते हुए देखा और इसके तुरंत बाद दमकल विभाग को सूचित किया गया।
सिलेंडर फटे
जानकारी के अनुसार, घनी आबादी वाली झुग्गियों में आग तेजी से फैल गई। इस दौरान कई सिलेंडरों में विस्फोट भी हो गया। इससे आग और भड़क गई। इस बस्ती में करीब 2000 लोग रहते थे। स्थानीय निवासियों ने कहा कि जब आग फैली तो वे अपने घरों से भागकर बाहर निकल आए और अपना कीमती सामान लेने का समय नहीं मिला। वार्ड पार्षद मिली सिन्हा झुग्गीवासियों को सांत्वना देती नजर आईं।
जलपाईगुड़ी में भी लगी आग, एक दमकल कर्मी झुलसा
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में शनिवार रात एक झुग्गी में भीषण आग लग गई। इस घटना की सूचना मिलने दमकल विभाग की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग बुझाए जाने के दौरान एक दमकल कर्मी झुलस गया।
जानकारी के अनुसार, आग शहर के बागराकोट इलाके की झुग्गियों में लगी थी। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की छह गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। आग बुझाने के दौरान एक दमकलकर्मी घायल हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।