हवलदार जे. अली शेख का अंतिम संस्कार/ भाई रफीकुल शेख
- फोटो : ANI / PTI
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के डूडा बसंतगढ़ इलाके में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन के दौरान बलिदान हुए 6 पैरा एसएफ के हवलदार जे. अली शेख का अंतिम संस्कार शनिवार को उनके पैतृक गांव नदिया जिले में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान पूरा गांव नम आंखों से इस वीर जवान को अंतिम विदाई देने पहुंचा।
मेरे लिए पहले देश है और फिर परिवार- रफीकुल
वहीं इस मौके पर उनके बड़े भाई और सेना के जवान रफीकुल शेख ने कहा, 'आज देश और गांव ने एक बहादुर सिपाही खो दिया है। मुझे गर्व है कि मेरे भाई ने देश के लिए अपनी जान न्यौछावर कर दी।' जवान रफीकुल शेख ने भावुक होते हुए कहा, 'मेरे लिए पहले देश है और फिर परिवार। मेरे भाई की शहादत के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि मैं परिवार से मिलूं, लेकिन मेरा कर्तव्य पहले देश के प्रति है।'
यह भी पढ़ें -
पहलगाम हमला: मारे गए बितान और समीर के घर पहुंची NIA, बंगाल सरकार मृतकों के परिजनों को देगी मुआवजा
उधमपुर मुठभेड़ में बलिदान हुए जे. अली शेख
बता दें कि, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ अपने अभियान को और तेज कर दिया है। इस कड़ी में उधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों का आमना-सामना हुआ था। जहां डूडा बसंतगढ़ इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें हवलदार झंटू अली शेख बलिदान हो गए थे। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार देर रात कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाया गया। जहां पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री फिरहाद हकीम ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पिक की थी। जिसके बाद आज उनका अंतिम संस्कार किया गया है।
यह भी पढ़ें -
Politics: 'पहलगाम हमले को लेकर देश को गुमराह कर रहे पीएम'; सिद्धारमैया ने सर्वदलीय बैठक को लेकर भी उठाए सवाल
बलिदानी हवलदार जे. अली शेख को जानें
पश्चिम बंगाल के निवासी झंटू अली शेख सेना के विशेष बल-6 पैरा एसएफ में हवलदार थे। झंटू अली शेख ने आगरा में पैरा कमांडो का प्रशिक्षण लिया था। वर्तमान में वह व्हाइट नाइट कोर में शामिल थे। विशेष बल पैरा-6 के कमांडो का मुख्यालय उत्तर प्रदेश के आगरा में है।