एसपी स्वाति भंगालिया ने बताया कि हमने झारखंड कांग्रेस के तीन विधायकों को भारी मात्रा में नकदी के साथ पकड़ा है। विधायकों की पहचान जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, खिजरी के विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा के विधायक नमन बिक्सल कोंगारी के रूप में हुई है। इनकी गाड़ी को पांचला थाना क्षेत्र के रानीहाटी में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर चेकिंग के दौरान रोका गया था। तलाशी लेने पर नकदी बरामद हुई। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
झारखंड सरकार गिराने की कोशिश : कांग्रेस
झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने घटनाक्रम के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि भाजपा लंबे अरसे से हेमंत सोरेन सरकार को गिराने का प्रयास कर रही है।
भाजपा ने घेरा, कहा-लूट में लगे हैं कांग्रेसी विधायक
झारखंड भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ही नहीं, कांग्रेसी विधायक भी लूट में लगे हैं। विधायकों को बताना चाहिए कि उन्हें इतनी रकम कहां से मिली। वे जनता की मेहनत की कमाई का गलत उपयोग कर रहे हैं।
Aditya Sahu, BJP Jharkhand
- फोटो : ANI
मामले में भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। पार्टी के राज्य महासचिव आदित्य साहू ने कहा कि जब से कांग्रेस सत्ता में आई है, भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। इससे पहले भी झारखंड में अधिकारियों के घरों में बड़ी मात्रा में नकदी पकड़ी गई थी। वे जनता की गाढ़ी कमाई का इस्तेमाल दूसरे कामों में करते हैं। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और यह सामने आ गया है।
तीनों विधायकों के बयान विरोधाभासी
पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीनों विधायकों से पैसों को लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई। शुरुआती पूछताछ में तीनों के बयान विरोधाभासी हैं। तीनों से पूछा गया कि ये पैसे किसके हैं, कहां से लेकर आ रहे थे और कहां जा रहे थे। इस बीच, बंगाल पुलिस ने झारखंड पुलिस को तीन विधायकों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की जानकारी दे दी है।
इसलिए हुई नोट गिनती में देरी
अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि झारखंड के विधायकों के पास से बरामद पैसे कितने हैं। क्योंकि इसके लिए पहले बैंक अधिकारियों से संपर्क किया गया। पैसे गिनने की मशीन लाने और फिर अधिकारियों के आने में वक्त लगा। इसलिए अभी तक नोटों की गिनती जारी है।