West Bengal: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी डॉ. मनोज पंत को मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव नियुक्त किए जाने पर प्रसन्नता जताई है। वहीं, नंदिनी चक्रवर्ती को राज्य की मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। राज्य में इस पद पर पहुंचने वाली वह पहली महिला हैं।
पश्चिम बंगाल में इतिहास रचते हुए नंदिनी चक्रवर्ती को राज्य की पहली महिला मुख्य सचिव नियुक्त किया गया। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला हैं। यह नियुक्ति बुधवार को की गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। नंदिनी चक्रवर्ती ने मनोज पंत की जगह ली, जिनकी सेवानिवृत्ति 30 जून को होनी थी। लेकिन उन्हें एक जुलाई से 31 दिसंबर तक छह महीने का विस्तार दिया गया था। चक्रवर्ती पहले राज्य की गृह सचिव थीं। उनके स्थान पर जगदीश प्रसाद मीना को गृह सचिव बनाया गया।
मनोज पंत को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के पद पर मुख्य सचिव के रैंक में नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। सुंदरबन मामलों के विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अतरी भट्टाचार्य को नेताजी सुभाष प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान का महानिदेशक बनाने का कार्यभार भी दिया गया।
गैर-पारंपरिक और नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव वरुण कुमार राय को पर्यटन विभाग का कार्यभार भी सौंपा गया। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रधान सचिव सुरेंद्र गुप्ता को प्रेसिडेंसी प्रभाग के प्रभागीय आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार मिला। उत्तर बंगाल विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला को सुधारात्मक प्रशासन विभाग के साथ-साथ जीटीए के प्रधान सचिव का कार्यभार सौंपा गया।