पश्चिम बंगाल सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं। राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि सरकार बीएसएफ (BSF) चौकियों के निर्माण और कटीले तारों की बाड़ लगाने के काम में सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है। सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा पुख्ता करने के लिए बीएसएफ को अतिरिक्त जमीन सौंपी गई है, जिसके तहत अब तक कुल 142.79 एकड़ जमीन का आवंटन किया जा चुका है।
बता दें कि, राज्य सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में इस संबंध में फैसला लिया था। सरकार ने 45 दिनों के भीतर कुल 600 एकड़ जमीन सौंपने का लक्ष्य रखा है। इस दिशा में अब तक की प्रगति को एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस जमीन के आवंटन से भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने (फेनसिंग) के काम में तेजी आएगी, जिससे सीमा पर निगरानी और घुसपैठ रोकने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
किस जिले से कितनी जमीन का आवंटन हुआ?
मुर्शिदाबाद जिले में सबसे ज्यादा 38.805 एकड़ जमीन दी गई है। जलपाईगुड़ी में 35.165 एकड़ और कूचबिहार में 22.95 एकड़ जमीन सौंपी गई है। दक्षिण दिनाजपुर में 20.1701 एकड़ और मालदा में 10.90 एकड़ जमीन मिली है। दार्जिलिंग में 8.815 एकड़, उत्तर दिनाजपुर में 2.84 एकड़ और उत्तर 24 परगना में 2.6 एकड़ जमीन दी गई है। नदिया जिले में 0.55 एकड़ जमीन बीएसएफ को मिली है। सरकार तय समय में अपना लक्ष्य पूरा करने के लिए तेजी से काम कर रही है।