कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी।
- फोटो : PTI
केंद्र सरकार द्वारा अनलॉक-4 के दिशा-निर्देश जारी होने के बाद अब राज्य सरकारों ने भी पाबंदियों में ढील देना शुरू कर दिया है। इसी के मद्देनजर पश्चिम बंगाल सरकार ने महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छोड़कर शनिवार को बैंक खोलने की इजाजत दे दी है। इस संबंध में कोविड-19 महामारी की वजह से पूर्व में जारी अधिसूचना को रद्द कर दिया गया है।
बैंक, जो आमतौर पर सप्ताह के दूसरे शनिवार को काम करते हैं, उन्हें राज्य सरकार द्वारा कोविड-19 के मद्देनजर सप्ताहांत पर बंद रहने के लिए कहा गया था। 20 जुलाई को जारी एक आदेश में, पश्चिम बंगाल सरकार ने बैंकों से सभी शनिवारों को छुट्टियों के रूप में घोषित करने के लिए कहा था।
लेकिन 3 सितंबर को जारी आदेश में कहा गया है कि शनिवार को बैंकिंग संचालन की अनुमति देने का निर्णय वर्तमान स्थिति और सरकार की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में छूट को देखते हुए लिया गया। नए आदेश में कहा गया है कि सभी बैंक शाखाओं को शनिवार को काम करने की अनुमति दी जाएगी।