चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए सुरक्षा का पुख्ता प्लान तैयार किया है। आयोग ने साफ कर दिया है कि वोटिंग में बाधा डालने या मतदाताओं को रोकने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 29 अप्रैल को होने वाले इस मतदान में 142 सीटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।
आयोग ने दिया निर्देश
आयोग ने सुरक्षा बलों को निर्देश दिया है कि वे हर निर्वाचन क्षेत्र में मुस्तैद रहें। संवेदनशील इलाकों और अंदरूनी गलियों में सुरक्षा बल लगातार गश्त करेंगे। इसका मकसद यह है कि लोग बिना किसी डर के अपना वोट डाल सकें। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 160 मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल होगा। हर मोटरसाइकिल पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के दो जवान तैनात रहेंगे। ये टीमें किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचने का काम करेंगी।
कोलकाता में हुई उच्च स्तरीय बैठक
कोलकाता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में चुनाव अधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और केंद्रीय बलों के कमांडरों ने तैयारियों का जायजा लिया। इस बैठक में कोलकाता उत्तर, कोलकाता दक्षिण और दक्षिण 24 परगना के जिला चुनाव अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा बलों की तैनाती, संवेदनशील इलाकों की पहचान और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाना था।
ये भी पढ़ें: West Bengal: दूसरे चरण के मतदान से पहले TMC कार्यकर्ता के घर से बमों का जखीरा बरामद; NIA ने संभाली जांच
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप का दौरा किया। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और उनसे शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग मांगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि फर्जी वोटिंग या बूथ कैप्चरिंग की अनुमति किसी भी कीमत पर नहीं दी जाएगी। मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को आने की इजाजत नहीं होगी।
ऐसे होगी निगरानी
हर पोलिंग स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और बूथों पर केंद्रीय बल तैनात रहेंगे। विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता और विशेष पुलिस पर्यवेक्षक एन के मिश्रा भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। आयोग का लक्ष्य है कि चुनावी प्रक्रिया में लोगों का भरोसा बना रहे और वे स्वतंत्र होकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करें। प्रशासन दूसरे चरण को पहले से भी बेहतर और शांतिपूर्ण बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है।
अन्य वीडियो-