फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सर्वदलीय बैठक : आयोग ने प्रचार की अवधि घटाई, जानें बंगाल चुनाव से जुड़े अहम फैसले, तृणमूल की तंज भरी प्रतिक्रिया

Fri, 16 Apr 2021 07:06 PM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता।

सार

  • अब शाम सात बजे तक ही होगा चुनाव प्रचार
  • शोर थमने की अवधि भी 48 घंटे से बढ़ाकर 72 घंटे की
विज्ञापन
चुनाव आयोग - फोटो : social media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सर्वदलीय बैठक के बाद चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाकी बचे चरणों में प्रचार करने की अवधि को घटा दिया है। चुनाव आयोग ने कहा है कि चुनावी प्रचार के समय को शाम 7 बजे तक सीमित कर दिया गया है। शाम 7 बजे से सुबह 10 बजे तक चुनाव प्रचार नहीं होगा। 

विज्ञापन


इसी तरह मतदान के पूर्व प्रचार का शोर थमने की अवधि भी 48 घंटे से बढ़ाकर 72 घंटे कर दी गई है। यानी अब मतदान के तीन दिन पहले प्रचार थम जाएगा।  बंगाल में भी कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के बीच शुक्रवार को चुनाव आयोग ने कोलकाता में सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। इसमें यह निर्णय लिए गए। नए नियम बंगाल विधानसभा चुनाव के शनिवार के बाद बचने वाले मतदान के तीन चरणों में लागू होंगे। 

कोरोना प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
चुनाव आयोग ने बैठक में साफ कहा कि प्रत्याशियों और दलों को कोरोना प्रोटोकॉल को सख्ती से पालन करना होगा। यदि किसी ने इसका उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन करने पर आपराधिक केस भी दर्ज कराया जा सकता है। 
विज्ञापन


रैली में मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध कराना होंगे
आयोग ने निर्देश दिया कि किसी भी सभा या रैली आदि में भाग लेने वाले सभी लोगों को मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध कराना आयोजक की जिम्मेदारी होगी। इसका खर्च प्रत्याशी के चुनाव खर्च में जोड़ा जाएगा। चुनाव खर्च तय सीमा में ही होना चाहिए। 

नेता, स्टार प्रचारक व प्रत्याशी व समर्थक पहनें मास्क
आयोग ने यह भी कहा कि प्रचार के दौरान सभी दलों के स्टार प्रचारक, नेता, प्रत्याशी खुद व उनके समर्थक मास्क पहनेंगे और जनता के लिए उदाहरण पेश करेंगे। उन्हें सैनिटाइजर का भी इस्तेमाल करना होगा और सुरक्षित दूरी का भी पालन करना होगा। जरूरत होने पर भीड़ नियंत्रण के उपाय भी करना होंगे। 

बता दें, बंगाल में शनिवार को पांचवें चरण का मतदान होने जा रहा है। इसके बाद मतदान के  तीन चरण शेष रहेंगे। इन तीनों चरणों में कोरोना महामारी के ताजा प्रकोप को देखते हुए शुक्रवार को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में कोरोना से बचाव की नई व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए। 

डेरेक ओ ब्रॉयन किया यह तंज
चुनाव आयोग के फैसले पर तृणमूल नेता डेरेक ओ ब्रॉयन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट कर तंज किया, 'आप अंपायर ने कहा कि शाम 7 बजे से सुबह 10 बजे तक कोई प्रचार नहीं होगा। यह समय उन लोगों के सबसे उपयुक्त है जो लुटियंस दिल्ली के बंग्लो में रहते हैं और उड़ान भरकर कोलकाता आते हैं, गर्मी में कुछ सभाएं करते हैं और लौट जाते हैं। इससे लोगों में कोरोना फैलेगा।' 
विज्ञापन


और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें