पांचवें दौर में 78 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े
- फोटो : PTI
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में शनिवार को छिटपुट हिंसा के बीच दक्षिण कोलकाता के अलावा दक्षिण 24-परगना और हुगली जिले की 53 सीटों पर मतदान हुआ। चुनाव आयोग के मुताबिक, इस दौरान 78 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ। इस दौर में 43 महिलाओं समेत 349 उम्मीदवार मैदान में थे। आयोग ने मतदान को शांतिपूर्ण करार दिया है।
शनिवार की सुबह मतदान की गति धीमी थी और पहले दो घंटों के दौरान महज 20 फीसदी मतदान हुआ था, लेकिन उसके बाद इसमें तेजी आई और दोपहर की एक बजे तक 57 फीसदी वोट पड़ चुके थे। शाम तीन बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 72.19 फीसदी पहुंच गया। इस दौरान हिंसा और दो गुटों के बीच हिंसक झड़पों में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। विपक्षी माकपा-कांग्रेस गठजोड़ ने आरोप लगाया है कि दक्षिण 24-परगना जिले में कई मतदान केंद्रों पर उनके पोलिंग एजेंटों को भीतर नहीं जाने दिया गया और वोटरों को भी धमकी दी गई।
हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को निराधार बताया है। इस बीच, चुनाव आयोग ने तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार सोनाली गुहा की कथित धमकी पर जिला शासक से रिपोर्ट मांगी है। सोनाली ने फोन पर अपनी पार्टी के समर्थकों से कहा था कि वह माकपा के एजेंट को पीट कर बाहर निकाल दें। यह फुटेज एक स्थानीय चैनल पर प्रसारित होने के बाद विपक्ष ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की और सोनाली को गिरफ्तार करने की मांग उठाई। बाद में आयोग ने सोनाली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया। इस दौर की प्रमुख सीटों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट शामिल है। वहां ममता का मुकाबला कांग्रेस-वाम गठजोड़ की उम्मीदवार दीपा दासमुंशी और भाजपा के चंद्र कुमार बोस से था। चुनाव आयोग ने इस दौर में सुरक्षा का भारी इंतजाम किया था।