उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बंगाल में चुनावी सभा को संबोधित किया। यहां के मालदा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उप्र के मुख्यमंत्री ने बंगाल सरकार और ममता दीदी पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता की मां के साथ मारपीट का मामला भी उठाया।
योगी की आंखों में आंसू
योगी ने कहा कि यहां सत्ता प्रायोजित अपराध और आतंकवाद देश की सुरक्षा को कड़ी चुनौती दे रहा है। आज बंगाल की जो हालत है वो किसी से छुपी नहीं है। यहां लगातार हमारे कार्यकर्ताओं पर हमले किए जा रहे हैं। फिर भी यहां की सरकार कुछ नहीं करती। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बंगाल में एक बुजुर्ग माता को टीएमसी के गुंडों ने पीटा, लेकिन सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस दौरान सीएम योगी की आंखों में भी आंसू आ गए।
बंगाल में गरीबी और बदहाली
उन्होंने कहा कि मालदा सनातन संस्कृति की भूमि है। आज जब बंगाल में अराजकता और बदहाली दिखाई देती है, तो पूरे देश को पीड़ा होती है। आज बंगाल में गरीबी और बदहाली है। बंगाल में केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लागू नहीं होने दिया जाता है। उन्होंने कहा कि ममता सरकार की हालत किसी से छुपी नहीं है। जो राम का द्रोही है, उसका भारत और बंगाल में कोई काम नहीं है। जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान
वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के एक कार्यकर्ता की मां के साथ मारपीट करने की खबरों पर संज्ञान लेते हुए मुख्य चुनाव आयोग ने तुरंत कार्रवाई करने को कहा और उसकी रिपोर्ट भी मांगी है। महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोरा को सोमवार को इस मामले में एक पत्र लिखकर इस मामले की पूरी जानकारी दी। शर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए आयोग चिंतित है और इस तरह का कृत्य स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कार्रवाई की जाने की जरूरत है, जिससे इस तरह की घटना दोबारा न हो सके।
बीते शनिवार को यह मामला सामने आया था
गौरतलब है कि भाजपा कार्यकर्ता गोपाल मजूमदार ने आरोप लगाया है कि बीते शनिवार (27 फरवरी) को तीन टीएमसी कार्यकर्ता उनके घर में घुसे और उनकी मां पर हमला किया गया था। इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है। बुजुर्ग महिला के चेहरे पर चोट के निशान को देखकर लगता है कि उनके साथ काफी बेरहमी से मारपीट की गई है।
बुजुर्ग पीड़िता के सिर और गर्दन पर प्रहार किया गया
बुजुर्ग पीड़िता ने बताया 'उन्होंने मेरे सिर और गर्दन पर प्रहार किया और मुझे मुक्का मारा। उन्होंने मेरे चेहरे पर भी मारा। मुझे डर लग रहा है, उन्होंने मुझसे किसी को भी इसके बारे में नहीं बताने के लिए कहा। मेरा पूरा शरीर दर्द में है।'