कांग्रेस में राहुल गांधी के साथ शुरू हुई इस्तीफों की कड़ी में प. बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष सोमेन मित्र का नाम भी जुड़ गया है। राज्य में लोकसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए मित्र ने पद छोड़ा है। हालांकि, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गौरव गोगोई ने उनसे पद पर बने रहने का अनुरोध किया है।
कांग्रेस को राज्य में लोकसभा की 42 में से महज दो सीटें ही मिली थीं जबकि 2014 में पार्टी ने चार सीटें जीती थी। पार्टी के बयान के मुताबिक, 24 मई को हुई बैठक में ही मित्र ने खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की इच्छा जताई थी पर अन्य नेताओं ने उनसे पद पर बने की गुजारिश की थी।
हाल ही में राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ते हुए कहा था कि भविष्य में पार्टी की मजबूती के लिए जवाबदेही जरूरी है। इसके बाद सोमेन मित्र ने भी रविवार को इस्तीफा दे दिया।
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश प्रभारी ने सोमवार को मित्र से मुलाकात कर बताया कि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है। गोगोई का कहना है कि पार्टी के नए अध्यक्ष राज्य समितियों का पुनर्गठन करेंगे। उसके बाद ही प्रदेश अध्यक्षों के बारे में फैसला होगा।