पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव मलय कुमार डे, पुलिस महानिदेशक वीरेंद्र कुमार और कोलकाता के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार ने सीबीआई की अवमानना याचिका पर सोमवार को अपने हलफनामे दाखिल किए। जांच ब्यूरो ने शारदा चिटफंड घोटाले के सिलसिले में अवमानना याचिका दायर की है।
शीर्ष अदालत ने पांच फरवरी को इन सभी को नोटिस जारी करके शारदा चिटफंड घोटाले से संबंधित साक्ष्यों से छेड़छाड़ किए जाने और राज्य पुलिस द्वारा सीबीआई के साथ सहयोग नहीं करने के आरोपों के बारे में सफाई मांगी थी।
प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा था कि इन अधिकारियों के हलफनामों को देखने के बाद ही यह निर्णय किया जाएगा कि उन्हें 20 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से हाजिर होने की आवश्यकता है या नहीं।
पीठ ने कहा था कि न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल 19 फरवरी को तीनों अधिकारियों को सूचित करेंगे कि क्या उन्हें 20 फरवरी को उपस्थित होना है या नहीं।