पश्चिम बंगाल विधानसभा में गुरुवार से बजट सत्र के दौरान विपक्षी नेताओं ने जमकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार जैसे ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बजट पर भाषण देना शुरू किया, वैसे ही भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिए और विरोध जताना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि भाजपा के विधायक गवर्नर को सदन में नहीं बुलाए जाने से नाराज थे और उन्हें जल्द से जल्द बुलाने की मांग कर रहे थे।
इतना ही नहीं भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस और वाम दलों ने भी बजट का बहिष्कार कर दिया। भाजपा के विधायक वेल तक में आ गए। विरोधियों ने पूछा कि वित्त मंत्री की जगह मुख्यमंत्री बजट क्यों पेश कर रही हैं? विपक्ष के इस व्यवहार से स्पीकर काफी नाराज हो गए।
विपक्षी नेताओं के इस तरह के व्यवहार से सीएम ममता भी नाराज हो गईं और उन्होंने कहा की मैंने अब तक कभी भी बजट के दौरान इस तरह के नजारे नहीं देखे। ममता ने कहा कि भाजपा बजट पर चर्चा चाहती ही नहीं है।
इस बीच, ममता बनर्जी ने 2021-22 के लिए 2,99,688 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया। उन्होंने एक जनवरी से 30 जून तक सभी यात्री परिवहन वाहनों पर रोड टैक्स में छूट देने की भी घोषणा की। वहीं सूत्रों के अनुसार बंगाल के वित्त मंत्री अमित मित्रा की तबीयत खराब बताई जा रही है।
नेताजी बटालियन की स्थापनाः ममता
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 से पहले सीएम ममता बनर्जी ने शुक्रवार को बड़ी घोषणा की है। ममता बनर्जी ने कहा कि कोलकाता पुलिस बल में एक नई बटालियन नेताजी बटालियन बनाई जाएगी।