West Bengal: भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि भाटपारा स्थित उनके घर के बाहर देर रात गोलीबारी और बमबारी की गई और एक कार को क्षति पहुंचाई गई। उन्होंने इसे पूर्व नियोजित हमला बताया और दावा किया कि पुलिस मौके से भाग रही थी।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपारा इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि मंगलवार देर रात उनके घर के बाहर गोलीबारी की गई, देसी बम फेंके गए और एक कार में तोड़फोड़ भी की गई। अर्जुन सिंह ने बताया किघटना रात करीब साढ़े बारह बजे हुई, जब वह टीवी देख रहे थे।
विज्ञापन
भाजपा नेता ने बताया, मैं टीवी देख रहा था, तभी बाहर अचानक हंगामे की आवाज सुनाई दी। बम फेंके गए और गोलियां चलीं। मेरे पास इसका वीडियो भी है। जब मैं बाहर निकला सब लोग निकल चुके थे।
पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने यह भी दावा किया कि हमले के वक्त पुलिस भी मौके से भाग रही थी। उन्होंने कहा, इन गरीब पुलिसवालों की हालत बहुत खराब है। अगर जवाबी हमला होता तो किसी की भी जान जा सकती थी। यह पूरी तरह से पूर्व नियोजित हमला था। उन्होंने इस घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज भी साझा किया।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के जगदल से विधायक सोमनाथ श्याम ने इन आरोपों को खारिज किया और दावा किया कि इलाके में हिंसा के लिए अर्जुन सिंह खुद ही जिम्मेदार हैं।