केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने न्यू बैरकपुर की चुनावी रैली में कहा कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता लोगों को डराने और धमकाने का काम कर रहे हैं। चार मई के बाद तृणमूल के गुंडों को उल्टा लटकाकर सीधा किया जाएगा। मां, माटी, मानुष की बात करने वाली ममता ने बंगाल को गुंडों के भरोसे छोड़ दिया है।
उत्तर 24 परगना के दमदम उत्तर में चुनावी रैली में गृह मंत्री ने ममता सरकार को बंगाल से उद्योगों के पलायन और राज्य की खराब अर्थव्यवस्था के लिए जिम्मेदार ठहराया। कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर सोनार बंगला का सपना पूरा किया जाएगा, जहां सुशासन और विकास होगा। शाह ने, ममता पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल में 10 हजार करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है और भाजपा सरकार बनने पर एक-एक पैसा वापस लिया जाएगा। सप्तग्राम में शाह ने कहा, ममता दीदी को लगता है कि कुछ नहीं होगा, लेकिन 5 मई के बाद जब भाजपा सरकार बनेगी, तो यह पैसा राज्य के युवाओं और महिलाओं को लौटाना होगा।
बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं
शाह ने कानून-व्यवस्था पर निशाना साधते हुए आरजी कर मेडिकल कॉलेज, दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज और दक्षिण कोलकाता लॉ कॉलेज जैसी वीभत्स घटनाओं का जिक्र किया। कहा, बंगाल की बहू, बेटियां और माताएं सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा के सत्ता में आने के बाद बंगाल में हालात बदलेंगे।
बाबरी मस्जिद नहीं बनने देंगे
शाह ने कहा, ममता तृणमूल से निकाले गए विधायक हुमायूं कबीर के नाम पर बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने की कोशिश कर रही हैं। दीदी, आप जितनी कोशिश कर लें, भाजपा बंगाल में बाबरी मस्जिद नहीं बनने देगी। शाह ने यह भी कहा कि तमिलनाडु और पुडुचेरी में कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी, जबकि पश्चिम बंगाल में उसका खाता भी नहीं खुलेगा।
ममता ने पूछा- बंगाल में चुनाव हो रहा या युद्ध
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय बलों की भारी तैनाती को लेकर सवाल उठाया। पूछा, बंगाल में चुनाव हो रहा है या युद्ध? इतने सशस्त्र वाहन और केंद्रीय बल क्यों? ममता ने अलग-अलग चुनावी सभा में आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों और बलों का इस्तेमाल चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है। कहा कि लोकतंत्र में इस तरह का माहौल उचित नहीं है। ममता ने समर्थकों से कहा, हम हिंसा में विश्वास नहीं करते। अगर बदला लेना है, तो वोट से लें और यह एक लोकतांत्रिक तरीका है। आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों की मौजूदगी में छापामारी वोटिंग कराए जाने की कोशिश हो सकती है। ऐसे में कार्यकर्ता सतर्क रहें।
ये भी पढ़ें:
पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण में किन सीटों पर दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर, कहां सबसे कड़ा मुकाबला?
ऐ दीदी कहकर ममता का अपमान किया: अभिषेक
तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह पर प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रति अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया। अभिषेक ने कहा, भाजपा नारी शक्ति की बात करती है, लेकिन उनके नेताओं का व्यवहार इसके विपरीत है। शाह ने ममता को ऐ दीदी कहकर संबोधित किया, जो अपमानजनक है। वह शाह से 10 साल बड़ी हैं, फिर भी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया।
अभिषेक ने कहा, भाजपा बंगालियों की नागरिकता पर सवाल उठा रही है, जबकि उनके पास वैध दस्तावेज हैं। वह दिन दूर नहीं जब हम भाजपा नेताओं के निवास प्रमाण की जांच करेंगे।