केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
- फोटो : ANI
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपने पैर में लगी चोट का दर्द है, लेकिन क्या दीदी आपको अपने शासनकाल में मारे गए 130 भाजपा कार्यकर्ताओं की माताओं का दर्द भी महसूस होता है या नहीं? आपने कभी इन लोगों का दर्द महसूस नहीं किया। ये लोग विधानसभा चुनाव में अपने वोट के जरिये आपको उचित जवाब देंगे।
बांकुड़ा के रानीबंध में एक रैली में भाजपा नेता ने कहा कि ममता की चोट को तृणमूल कांग्रेस ने साजिश बताया, चुनाव आयोग हमला मानने को तैयार नहीं है। भगवान जाने क्या सच है। मैं तो चाहता हूं कि आप जल्द स्वस्थ हो जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को सोनार बांग्ला बनाने का समय आ गया है।
प्रदेश में किसानों को पीएम किसान निधि के छह हजार रुपये नहीं मिल रहे हैं। हमारी सरकार आई तो बकाया भी देंगे। उन्होंने वादा किया कि भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता में आई तो प्रदेश सरकार के कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग दिया जाएगा। साथ ही भाजपा सरकार एक आयोग बनाकर शिक्षकों का वेतन भी बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा कि आदिवासियों के लिए एकलव्य स्कूल, झारग्राम में संग्रहालय बनाएंगे। आदिवासियों के वन भूमि के अधिकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देना चाहते हैं, लेकिन टीएमसी के गुंडे इसके लिए भी भ्रष्टाचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो सरकार तुष्टिकरण करती है, वह सरकार नहीं चाहिए।
बंगाल में दुर्गा पूजा करनी है, तो कोर्ट में जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने पर हर आदिवासी के घर में मोबाइल नेटवर्क पहुंच जाएगा। ममता के राज में घुसपैठ हो रही है। बंगाल की जनता को लगा था कि कम्युनिस्टों का शासन खत्म होने पर राहत मिलेगी। लेकिन टीएमसी तो उससे भी आगे निकली। ममता राज में अब कटमनी देनी पड़ती है। भाजपा की सरकार आई तो पैसा नहीं देना पड़ेगा, अधिकारी खुद सर्टिफिकेट लेकर आएंगे।