भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक समाप्त हो गई है। इस बैठक में केरल चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण सूचना दी गई है। केरल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्रन ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में पार्टी 115 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, वहीं सहयोगी को 25 सीटें दी जाएगी। उम्मीदवारों की सूची रविवार को घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमने मुख्यमंत्री के रूप में ई श्रीधरन का नाम आगे किया है।
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि अगला टारगेट संसद पर फसल बेचने का होगा। संसद में मंडी खुलेगी। पीएम ने कहा है कि मंडी के बाहर कही भी सब्जी बेच लो तो हम वैसा ही करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक कानून वापस नहीं होगा और बंगाल के किसान को जब तक एसएसपी पर रेट नहीं मिलेगा, तब तक दिल्ली बॉर्डर से किसान नहीं हटेंगे।
तमिलनाडु के सीएम पलानीस्वामी ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि क्या स्टालिन एक ज्योतिषी हैं कि जो दावा कर रहे हैं कि उनकी पार्टी चुनाव में 200 सीटें जीतेगी? लोग मतदान करेंगे और उनका फैसला अंतिम होगा। हम उम्मीद करते हैं कि जनता सही निर्णय लेगी।
पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंच चुके हैं। ताजा जानकारी के अनुसार बैठक शुरू हो गई है। बता दें कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के लिए उम्मीदवारों का चयन करना है।